चुनावी मौसम में नेताओं की बदजुबानी का दौर शुरू हो गया है। इसके सबसे पहले शिकार हुए हैं बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी। झांसी की रैली में मोदी ने कांग्रेस के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की सत्ताधारी समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा था। मोदी ने समाजवादी पार्टी में एक परिवार का दबदबा होने का आरोप लगाया था। इसका जवाब देते हुए एसपी के नेता नरेश अग्रवाल ने सारी मर्यादा ताक पर रख दी और उनकी तुलना विधवा से कर डाली।
अग्रवाल ने मोदी की निजी जिंदगी पर चुटकी लेते हुए कहा, ‘बीजेपी में शादी का चलन नहीं है। उन्होंने शादी ही नहीं की तो कैसे जानेंगे कि परिवार का आनंद क्या होता है।’ इसके बाद एसपी नेता ने मोदी के लिए अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा, ‘हमारे गांव में एक कहावत है ***** से आशीर्वाद मांगने जाओ तो वह कहती है कि हमारी तरह हो जाओ। बीजेपी ओछी राजनीति न करे और मुद्दों की बात करे। मोदी छोटे राज्य से आए हैं और उन्हें मुद्दों का ज्ञान नहीं है।’





















