नई दिल्ली। आसाराम के बेटे नारायण साईं की तलाश में पुलिस ने राजधानी दिल्ली और बिहार में छापेमारी की। राजधानी में गुजरात पुलिस ने दिल्ली पुलिस की मदद से एक आश्रम के इंचार्ज और नारायण साईं के एक सहयोगी धर्मेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का आरोप है कि इसने नारायण साईं को छुपाने में मदद की। गुजरात पुलिस ने कोर्ट से धर्मेश की दो दिन की ट्रांजिट रिमांड भी हासिल कर ली है। वैसे आरोपों से घिरी आसाराम की बेटी भारती पहली बार मीडिया के सामने आईं। आसाराम की बेटी भारती और उनकी पत्नी लक्ष्मी माई पर सूरत की दो बहनों ने संगीन आरोप लगाए हैं। इन बहनों का कहना है कि भारती लड़कियों को आसाराम के पास पहुंचाती थी।
गुजरात और दिल्ली पुलिस बुधवार से राजधानी दिल्ली में नारायण साईं की तलाश में छापेमारी कर रही है। शुक्रवार को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और गुजरात पुलिस ने आसाराम के दिल्ली स्थित रोहणी आश्रम, नजफगढ़ आश्रम, जफरपुर आश्रम और रिज रोड आश्रम में छापेमारी की। सूरत पुलिस को नारायण साईं के मोबाइल लोकेशन दिल्ली में मिला था। जिसके बाद से गुजरात पुलिस दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। छापेमारी के बाद पुलिस ने आसाराम के रिज रोड आश्रम के इंचार्ज धर्मेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने धर्मेश को नारायण साईं को छुपने में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया। वहीं आसाराम की प्रवक्ता का कहना है कि पुलिस आश्रम में दिवार फांद कर घुसी और धर्मेश को गिरफ्तार करके ले गई।
इसके बाद पुलिस धर्मेश को दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में पेश किया जहां गुजरात पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड मांगा। जिस पर कोर्ट ने गुजरात पुलिस से पूछा कि आप धर्मेश को क्यों ले जाना चाहते हैं क्या आपकी जांच में कोई सुराग मिला है। और अगर है तो उसके कोर्ट के सामने पेश करिए। पुलिस ने कहा था कि धर्मेश नारायण साईं के सम्पर्क में था और आश्रम के रजिस्टर में नारायण साईं का हस्ताक्षर मिला है।
गुजरात पुलिस ने कोर्ट में ये भी बताया कि नारायण साईं ने जो एफिडेविट गुजरात हाईकोर्ट में एंटीसीपेटरी बेल के लिए दिया था उसे धर्मेश ने ही नारायण साईं की तरफ से बनवाया था। गुजरात पुलिस का कहना था कि धर्मेश ने नारायण साईं का फर्जी हस्ताक्षर किया। नोटरी को एक साजिश के तहत दिल्ली में बनवाया गया।
कोर्ट में धर्मेश की ट्रांजिट रिमांड को लेकर पांच घंटे तक बहस चलती रहीं। आखिरकार कोर्ट ने धर्मेश को 2 दिन के ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया। वहीं गुजरात पुलिस लगातार नारायण साईं की तलाश कर रही है। शुक्रवार को गुजरात पुलिस ने दिल्ली के अलावा बिहार के दरभंगा जिले के एक आश्रम में भी छापेमारी की।























