अमेरिकी कंपनी के स्वामित्व वाले जहाज को रोकने और चालक दल के सदस्यों को गिरफ्तार करने को उचित ठहराते हुए भारत ने शुक्रवार को कहा कि यह कार्रवाई इसलिए की गई क्योंकि भारतीय जलक्षेत्र में इस पोत पर हथियार, गोला बारूद और सशस्त्र गार्ड बिना जरूरी अनुमति प्राप्त किए हुए मौजूद थे।
विदेश सचिव सुजाता सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि पोत अमेरिकी कंपनी के स्वामित्व वाला है लेकिन इस पर सियारालियोन का झंडा है। इसे तटरक्षकों ने हथियार, गोला बारूद और सशस्त्र गार्डों के बिना अनुमति के मौजूद होने जैसे मुद्दों के आधार पर रोका था। विदेश सचिव से जहाज और चालक दल के 33 सदस्यों को गिरफ्तार किये जाने के बारे में पूछा गया था। उन्होंने कहा कि इस बारे में आर्म्स एक्ट और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।























