नई दिल्ली। मोदी सरकार मंत्रिमंडल का विस्तार जून के अंतिम हफ्ते में कर सकती है। सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल विस्तार के इस चरण 25 मंत्री शपथ ले सकते हैं। मोदी सरकार में मंत्रियों के विभागों के बंटवारे से भाजपा के सहयोगी दलों में व्याप्त असंतोष को देखते हुए शपथग्रहण के दिन से ही मंत्रिमंडल के जल्द ही विस्तार के कयास लगाए जा रहे थे। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की दूसरी बैठक बुधवार को हुई। इस बैठक में सभी मंत्रियों ने भाग लिया। पहले यह बैठक बुधवार को होनी थी लेकिन इसे एक दिन के लिए टाल दिया गया था।
मंत्रिमंडल के फैसले की जानकारी देते हुए केन्द्रीय संसदीय कार्यमंत्री वेंकैया नायडू ने पत्रकारों को बताया कि चार जून और 5 जून को लोकसभा के नए सदस्यों को शपथ दिलायी जाएगी। लोकसभा के अस्थायी अध्यक्ष कमलनाथ सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। छह जून को लोकसभा के नए अध्यक्ष का चुनाव होगा। उन्होंने बताया कि 9 को संसद के दोनों सत्रों का संयुक्त अधिवेशन होगा जिसमें राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा। 10 और 11 जून को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा होगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस चर्चा का जवाब देंगे। जरूरत पड़ने पर सत्र एक दिन बढ़ाया भी जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि अस्थायी अध्यक्ष कमलनाथ का सहयोग करने के लिए तीन पीठासीन अध्यक्षों का पैनल होगा।























