महाराजगंज :मंथन. कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भाजपा पर गुजरात के नाम पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। कहा कि मोदी अपने को गरीबी व पिछड़ेपन की दुहाई देकर लोगों को ब्लैकमेल करते हैं। लेकिन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह उनसे अधिक गरीबी व विपन्नता में पले बढ़े हैं।
शुरुआती दिनों में मनमोहन सिंह दस किलोमीटर पैदल जाकर शिक्षा ग्रहण किये। यह गरीबी का वह कठिन दौर था जब उनके पैरों में चप्पल भी नहीं होती थी। लेकिन मनमोहन ने कभी भी अपने गरीबी की दुहाई नहीं दी, बल्कि काम किया देश की सेवा करते रहे । कांग्रेस का नारा है गरीबी मिटाओ, भ्रष्टाचार भगाओ, लेकिन भाजपा कहती है कि कांग्रेस भगाओ। चेतावनी भरे लहजे में सोनिया ने कहा कि देश की आजादी से लेकर उसके विकास तक कांग्रेस पार्टी ने खुद पसीना बहाया है। पार्टी की नीतियां व सिद्धांत यहां की मिट्टी में रचे बसे हैं। ऐसे में कोई भी कांग्रेस को इस देश से अलग नहीं कर सकता।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी का गुजरात कर्ज में डूबा है। लोगों को शुद्ध पेयजल मयस्सर नहीं हो पा रहा है। वहां की छह सौ ग्राम पंचायतों में दलितों को आरक्षण का लाभ नहीं मिल सका है। पूरे भाषण में सोनिया सपा, बसपा को छोड़ भाजपा पर ही हमलावर दिखीं।
भाजपा नेताओं पर देश के बुनियादी सिद्धांतों को तोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुर्सी पाने के लिए यह पार्टी कुछ भी कर सकती है। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, ‘मोदी देश को गुमराह कर रहे हैं..ऐसी बातें कर रहे हैं कि आज देश में चारों तरफ अंधेरा है और उनके :मोदी: के आते ही चारों तरफ उजाला फैल जायेगा।’ सोनिया ने कहा ‘जिनके दिल में नफरत भरी हो वे देश नहीं चला सकते।’
विकास के गुजरात माडल को खारिज करते हुए, कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रचार के विपरीत, गुजरात विकास के तमाम मानकों पर पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कांग्रेस नीत संप्रग के 10 साल के शासनकाल में किये गये कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सत्ता में पुन: आने पर जनहित के कई और कार्यक्रम लागू किये जायेंगे।























