महराजगंज। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि मोदी बनारस में राजनीतिक आरती करना चाहते हैं। वहां आरती का समय सुबह चार बजे है। मोदी को उसी समय गंगा मां के शरण में जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी का घराना नीच नहीं बल्कि उद्योगपति कहा जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात माडल शब्दों का जाल है। यूपी का विकास माडल अपना कर ही देश को तरक्की के रास्ते पर ले जाया जा सकता है। भाजपा पर वार करते हुए कहा कि यह पार्टी डेढ़ सौ सीटों में सिमट जाएगी। जैसे-जैसे चुनाव अंतिम दौर में पहुंच रहा है, भाजपा की भाषा भी गिरती जा रही है। जाति-धर्म के नाम पर समाज को तोड़ने वाली यह पार्टी कभी देश का भला नहीं कर सकती।
सीएम ने कहा कि केंद्र में तीसरे मोर्चे की सरकार बनने जा रही है। प्रधानमंत्री कौन होगा इसका निर्णय मोर्चे के घटक दल ही तय करेंगे। बसपा सुप्रीमो मायावती को अपनी फुआ बताने वाले युवा मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय, भैंस चराना फायदे का कारोबार है। यदि उन्हें इसके मुनाफे के बारे में पता चलेगा तो वह भी हाथी छोड़ गाय, भैंस ही चराएंगी।





















