मंथन. नई दिल्ली. सर्वोच्च न्यायालय ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा कि शारदा चिट फंड घोटाले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) करेगा। कोर्ट के इस फैसले को पश्चिम बंगाल सरकार के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है। कोर्ट ने सीबीआई को ओडिशा में पोंजी स्कीम घोटाले की जांच भी करने के लिए कहा।
न्यायमूर्ति टी.एस. ठाकुर की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि जांच एजेंसी पश्चिम बंगाल में शारदा के अतिरिक्त चिट फंड घोटाले में शामिल किसी अन्य पोंजी स्कीम की भी जांच करेगी।
सीबीआई को इन मामलों की जांच सौंपते हुए कोर्ट ने यह भी कहा कि इस मामले की पश्चिम बंगाल पुलिस की ओर से हो रही जांच में अब तक कोई प्रगति नहीं हुई है।कोर्ट ने सीबीआई से चिट फंड घोटाले में धन की हेराफेरी की जांच करने के लिए भी कहा।
कोर्ट ने कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस इस मामले में षडयंत्र, धन के हेरफेर तथा घोटाले से संबंधित संपत्ति को जब्त करने की दिशा में कोई प्रगति नहीं कर पाई है।





















