मंथन.कोलकाता,राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि वह ममता बनर्जी और नरेन्द्र मोदी के बीच नया गठबंधन बनता देख रहे हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने अपने दावे को साबित करने के लिए अदभुत व्याख्या दी।
राहुल ने एक चुनावी सभा में कहा कि अगर आप ममता के नाम का उच्चारण करें तो यह म—म—ता है। पहला म ममता है और दूसरा म मोदी है। गठबंधन होने वाला है। उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि पहले भी बनर्जी और भाजपा नीत राजग के बीच गठबंधन था जब यह गठबंधन सत्ता में था।
अपने पिता दिवंगत राजीव गांधी और बनर्जी के बीच अच्छे संबंधों को याद करते हुए राहुल ने अफसोस जताया कि सत्ता में आने के बाद उन्होंने कांग्रेस को धोखा दिया। राहुल ने कहा कि ममता जी का मैं काफी सम्मान करता हूं। उन्होंने मेरे पिता के साथ काम किया था। मैं उनके खिलाफ जो भी कहता हूं सम्मान एवं प्यार के कारण बोलता हूं न कि गुस्से में। बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़ दिया और फिर हमारे साथ गठबंधन किया लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्होंने हमें धोखा दिया।
इसके बाद उन्होंने सारदा चिटफंड घोटाले का जिक्र करते हुए आरोप लगाए कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार घोटाले में शामिल लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ममताजी ने वाम शासन के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी, तब उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। लेकिन सत्ता में आने के बाद सारदा चिटफंड घोटाला हुआ जिसमें लाखों लोगों को लूटा गया़। राज्य सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए थी लेकिन इसने चुप्पी साधे रखी।




















