लखनऊ,बहराइच. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है कि मोदी का 56 इंच का सीना नहीं, 56 इंच की तोंद है। अखिलेश ने मोदी को दुनिया का सबसे बड़ा झूठा बताया।
अखिलेश यादव ने कहा, ‘वह दुनिया के सबसे बड़े झूठे हैं। उनका प्रचार झूठी बातों पर आधारित है। उनका 56 इंच का सीना नहीं है बल्कि 56 इंच की तोंद है।’ अखिलेश और उनके पिता मुलायम सिंह यादव पर लगातार हमले कर रहे नरेंद्र मोदी को शुक्रवार को कैसरगंज में एक रैली में मुख्यमंत्री ने आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, ‘राजनीति में आपको बड़े सीने की नहीं, बड़े दिल की जरूरत होती है।’
23 जनवरी को गोरखपुर में एक रैली में नरेंद्र मोदी ने कहा था, ‘नेता जी, क्या आपको यूपी को गुजरात बनाने का मतलब पता है? इसका मतलब है हर गांव-गली में 24 घंटे बिजली। आप ऐसा नहीं कर सकते। इसके लिए 56 इंच का सीना चाहिए।’
अखिलेश यादव ने अपने पिता पर हुए इस हमले के जवाब में ही मोदी की तोंद पर कटाक्ष किया। उन्होंने गुजरात के विकास मॉडल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ‘मोदी ने जिस गुजरात मॉडल को इतना बढ़ाया-चढ़ाया है, वह सिर्फ झूठ है। यह संघ, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा भारत को बांटने का मॉडल है।’ अखिलेश यादव ने अपना यह दावा दोहराया कि अगली सरकार तीसरे मोर्चे की होगी, जिसकी अगुआई मुलायम सिंह यादव करेंगे।
लोकसभा चुनाव में सपा के प्रदर्शन को लेकर काफी आशान्वित सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि सभी पार्टियां इस समय हवा में हैं। हम तो धरातल पर है और वहीं पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के नरेंद्र मोदी अपना विकास मॉडल गिना रहे हैं लेकिन हम तो दो वर्ष के कार्यकाल के प्रदर्शन के आधार पर जनता के बीच हैं।
संतकबीर नगर में एक चुनावी सभा में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि हम अपने घोषणा पत्र के अनुसार काम कर रहे हैं। पांच वर्ष के कार्यकाल का आधा से अधिक काम हमने दो वर्ष में पूरा कर लिया है। अब बाकी के तीन वर्ष में भी उत्तर प्रदेश को चमका देंगे। उन्होंने कहा कि अन्य पार्टियों की हवा तो हवा में चल रही है लेकिन हमारी हवा धरातल पर है।
बसपा प्रमुख मायावती के बारे में उन्होंने कहा कि अभी तक मैं उनको बुआ कहते आ रहा हूं, लेकिन उन्होंने मुझे एक मंच पर ललुआ कहा है। दर असल ललुआ का मतलब बच्चा होता है। तो अब मैं भी उन्हें बुआ नहीं फुआ कहूंगा। उन्होंने कहा कि जहां तक कांग्रेस की बात है तो महंगाई और भ्रष्टाचार के कारण जनता कांग्रेस से ऊब गई है। इस बार केंद्र में न तो कांग्रेस आने वाली है और न ही भाजपा। चार चरण के चुनाव संपन्न हो चुके हैं। इसमें सपा की ही जमीन पर लहर चल रही है। सपा प्रमुख सीनियर लीडर हैं। जनता उन्हें ही मौका देने जा रही है।





















