गोंडा। नरेंद्र मोदी के खिलाफ आक्रामक टिप्पणियां करने पर चुनाव आयोग की चेतावनी पाने के बाद भी केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा बाज नहीं आए हैं। उन्होंने एक बार फिर मोदी को ‘राक्षस’ की संज्ञा देकर विवादों को हवा दे दी है। बेनी ने मस्कवना शहर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘ऐसा व्यक्ति जो इस देश के हिंदुओं व मुस्लिमों में भेदभाव करता है और उनके बीच नफरत फैलाता है, वह मनुष्य नहीं है, बल्कि राक्षस है।’
बेनी ने कहा कि मोदी को यह साफ करना चाहिए कि वे मनुष्य हैं या नहीं? गुजरात में नरसंहार पर आपने [मोदी] कहा था कि यह प्रतिक्रिया है। आपने यह कहकर मुस्लिमों की भावनाओं को आहत किया है कि आपकी गाड़ी के नीचे कुत्ते का बच्चा भी आ जाता है, तो आपको दुख होता है।
उनके मुताबिक मोदी जैसा व्यक्ति देश व लोकतंत्र का शत्रु है। अगर मोदी सत्ता में आते हैं, तो 85 प्रतिशत दबे-कुचले लोगों का आत्मसम्मान खत्म हो जाएगा और समाज में कुछ मुट्ठीभर लोगों का दबदबा होगा। मोदी कांग्रेस-मुक्त भारत की बात करते हैं, अंगरेज भी कांग्रेस को समाप्त नहीं कर पाए, भाजपा कैसे करेगी?
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने दो दिन पहले ही बेनी प्रसाद वर्मा को चेतावनी देते हुए कहा था कि वे नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक शब्द इस्तेमाल करना बंद करें, अन्यथा उनके चुनाव प्रचार पर रोक लगा दी जाएगी।
मोदी की डिग्री फर्जी
वर्मा ने खुद की व नरेंद्र मोदी की शैक्षणिक योग्यता की तुलना करते हुए कहा कि मोदी 18 साल की उम्र में घर छोड़कर चाय बेचने लगे थे। उनकी डिग्री फर्जी है। इसके उलट उन्होंने [बेनी] लखनऊ विश्व विद्यालय से कानून में स्नातक की डिग्री ली है। मोदी किस तरह एक पढ़े-लिखे व्यक्ति का मुकाबला कर सकते हैं?
रामदेव पागल हो गए
रामदेव के राहुल गांधी व सोनिया गांधी पर दिए गए बयानों पर पूछे गए सवाल पर बेनी प्रसाद वर्मा ने कहा कि रामदेव ‘पागल’ हो गए हैं। वे उनके बयानों पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।






















