नईदिल्ली. राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 56 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया है. शनिवार को राष्ट्रपति भवन स्थित दरबार हॉल में आयोजित एक समारोह में योग गुरु बी के एस अयंगर को दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण प्रदान किया गया वहीं, इसरो प्रमुख के. राधाकृष्णन, टेनिस खिलाडी लिएंडर पेस, लेखक रस्किन बांड और अभिनेता परेश रावल को पद्मश्री से नवाजा गया.
राष्ट्रपति सचिवालय ने बताया कि राष्ट्रपति भवन में हुए समारोह में प्रणब ने एक पद्म विभूषण, 11 पद्म भूषण और 44 पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किये।प्रख्यात योग गुरु बी के एस अयंगार को सर्वोच्च पद्म पुरस्कार पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस, भारतीय विज्ञान संस्थान के निदेशक एवं प्रख्यात वैज्ञानिक पी बलराम, न्यायमूर्ति दलवीर भंडारी, प्रख्यात लेखक रस्किन बांड तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव टी रामास्वामी को पद्म भूषण दिया गया।
प्रबंधन गुरु एम बी अत्रेय, कृषि वैज्ञानिक एम महादेवप्पा, अंतरिक्ष आयोग के अध्यक्ष एवं अंतरिक्ष विभाग के सचित के राधाकृष्णन, आईआईटी दिल्ली के प्रख्यात प्राध्यापक एवं नेशनल इंस्टीटयूट आफ मलेरिया रिसर्च के संस्थापक निदेशक विनोद प्रकाश शर्मा तथा लेखक एवं शिक्षाविद गुल मोहम्मद शेख को भी पद्म भूषण दिया गया। शिक्षाविद एवं गुजराती विश्वकोश के संस्थापक धीरूभाई प्रेमशंकर ठाकेर को मरणोपरांत पद्मभूषण दिया गया।
क्रिकेटर युवराज सिंह, प्रख्यात लेखिका अनीता देसाई और मशहूर चित्रकार सुनील दास समारोह में भाग नहीं ले सके। ये दोनों अपना सम्मान लेने समारोह में नहीं आ सके. बताया जाता है कि अनिता देसाई तबीयत ठीक नहीं होने की वजह से समारोह में नहीं आ सकीं जबकि युवराज सिंह यूएई में चल रहे आईपीएल में व्यस्त होने की वजह से अपना अवॉर्ड लेने नहीं आ सके. नियमों के मुताबिक युवराज, दास और देसाई के प्रशस्ति-पत्र संबंधित राज्य सरकारों या मिशन को सौंप दिए जाएंगे जो इन हस्तियों के घर तक डिलीवर कर देंगी. अनिता देसाई को पद्म भूषण जबकि युवराज और सुनील दास को पद्म श्री से सम्मानित किए जाने की घोषणा बीते 25 जनवरी को की गई थी.
वैसे, शारजाह से दिल्ली महज तीन घंटे में प्लेन से आ सकते हैं लेकिन शनिवार दोपहर रॉयल चैलेंजर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच होना था. ऐसे में अगर युवराज पुरस्कार लेने दिल्ली आना भी चाहते तो आ सकते थे.
समारोह के बाद अभिनेता एवं अहमदाबाद पूर्व लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे परेश रावल ने कहा कि वह पद्मश्री पाकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं.
सरकार और विपक्ष के कई बड़े नेता भी समारोह से नदारद रहे. देश में आम चुनाव हो रहे हैं, ऐसे में सियासी गतिविधियों में व्यस्त होने की वजह से यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, नेता विपक्ष सुषमा स्वराज और अरुण जेटली के अलावा कई केंद्रीय मंत्री समारोह में नहीं आ सके. हालांकि, पीएम मनमोहन सिंह, गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, और वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा ने समारोह में शिरकत की.






















