नई दिल्ली/दमन। खुद को झूठा बताने पर भड़के भाजपा नेता नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को हद में रहने की चेतावनी दे डाली। मोदी ने यह भी कहा कि राहुल उनके बारे में गलत, भद्दे और अप्रामाणिक आरोप लगा रहे हैं और उन्हें हद में रहना चाहिए।
मोदी ने राहुल को चुनौती दी कि वे कांग्रेस सरकार के कामकाज के मुद्दे पर जनता को जवाब देने के लिए खुलकर सामने आएं, भागें मत। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के दावेदार ने दस जनपथ के एक करीबी सहयोगी के तार एक मांस निर्यातक, जिसके घर पर कर अधिकारियों ने छापेमारी की थी, से जोड़ने की कोशिश की और आरोप लगाया कि उनके बीच धन का सौदा हुआ। दस जनपथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का आवास है।
मोदी ने मां-बेटा (सोनिया-राहुल) सरकार पर पुणे के व्यापारी हसन अली को कथित काले धन के एक मामले में बचाने का भी आरोप लगाया। 3-डी होलोग्राम तकनीक के जरिए अपने संबोधन में मोदी ने कहा-राहुल भाई, आप सारी हदें तोड़कर झूठ बोलते चले जा रहे हैं। आपके पास तो अपने बारे में, अपनी मां के बारे में या अपनी सरकार के बारे में भी कहने के लिए कुछ सकारात्मक नहीं बचा है। इसलिए आप गलत, भद्दे और अप्रामाणिक आरोप लगाते रहते हैं। मोदी ने कहा-चीजें हद में रखिए। हम सीमाएं लांघ कर बात नहीं करते। अपनी सरकार के कामकाज पर चर्चा के लिए खुलकर सामने आएं। आप भाग क्यों रहे हैं।
मोदी ने यह हमला तब बोला जब शनिवार को राहुल ने गुजरात में कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री को उस वक्त तक नींद नहीं आती जब तक वे झूठ न बोलें। सोनिया पर हमला बोलते हुए मोदी ने कहा-एक मांस निर्यातक पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं जिसके देश भर में फैले 60 ठिकानों पर आयकर विभाग ने छापेमारी की, जिसके 300 घंटे की फोन पर हुई बातचीत टेप की गई जिसमें दस जनपथ, सोनिया गांधी के आवास, का भी जिक्र है।
मोदी ने कहा-दस जनपथ के एक करीबी सहयोगी और इस व्यापारी के बीच धन के सौदे की बातचीत टैप की गई है। वह व्यक्ति कौन है, यह देश को पता चलना चाहिए। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा-प्रधानमंत्री को महंगाई, भ्रष्टाचार जैसी वे समस्याएं नजर नहीं आतीं जिनका सामना देश कर रहा है। अगर उन्हें कुछ नजर ही नहीं आता तो वे भाजपा की लहर कहां से देखेंगे।
इससे पहले, गुजरात के भरूच में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि मांस के निर्यात के सिलसिले में करोड़ों रुपए के हवाला घोटाले में एक अज्ञात करीबी सहयोगी शामिल रहा है। मोदी ने चुनाव आयोग से पूछा कि वह अमृतसर से कांग्रेस उम्मीदवार अमरिंदर सिंह के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा जबकि उन्होंने जिनेवा में अपने बेटे और पत्नी के विदेशी बैंक खातों की जानकारी नहीं दी है। विदेशों में रखे काले धन को भारत लाने में कांग्रेस की अगुआई वाली यूपीए सरकार की निष्क्रियता को आड़े हाथ लेते हुए मोदी ने कहा-देश काले धन की सच्चाई जानना चाहता है और यह भी जानना चाहता है कि इससे कांग्रेस का क्या रिश्ता है।
दूसरी ओर नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दमन में हुई चुनावी रैली में कहा कि अगर राजग केंद्र में सत्ता में आया तो केंद्र शासित प्रदेश दमन व दीव के लोगों की समस्याओं को दूर किया जाएगा जिसमें स्थानीय मछुआरा समुदाय की समस्याएं भी शामिल हैं। दिलीपनगर में चुनावी रैली में मोदी ने कहा-मत्स्य पालन से संबंधित समस्याएं हैं। पर्यावरण के नाम पर प्रतिबंध लगाए जाते हैं। इसके अलावा पाकिस्तान भी हमारे मछुआरों को परेशान करता है। इस क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं के बावजूद ऐसा नहीं किया गया है। आप लोगों को समाधान चाहिए, इसलिए मुझे मौका दें।
मोदी दमन दीव लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार लालू पटेल के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा-मैं गुजरात के लोगों की पिछले 13 साल से सेवा कर रहा हूं। हालांकि मुझे इस केंद्र शासित प्रदेश का सेवा करने का मौका नहीं मिला क्योंकि गुजरात से ऐसा करना संभव नहीं था। इसके लिए मुझे दिल्ली जाना होगा। मोदी ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश के लोगों को एक फायदा होता है कि वे सीधे केंद्र सरकार के शासन के अधीन होते हैं। उन्होंने कहा-आप केंद्र के शासन के तहत हैं। गुजरात में आपकी सरकार नहीं है। अब आप मुझे बताएं कि क्या आप मुझे सेवा करने का मौका देंगे?






















