भोंगीर (आंध्र प्रदेश)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भाजपा पर ‘राजनीतिक लाभ के लिए बांटने वाला प्रचार करने’ के लिए जोरदार हमला बोलते हुए शनिवार को कहा कि विपक्षी पार्टी की चुनावी रणनीति एक व्यक्ति ‘के चारों ओर केंद्रित’ है और उसके किए वादे कभी पूरे नहीं हो सकते। सिंह ने अपने नेतृत्व में केंद्र में भ्रष्टाचार से लड़ने में संप्रग यूपीए सरकार के प्रयासों का बचाव किया। उन्होंने तेलंगाना क्षेत्र के नलगोंडा जिले के भोंगीर में कांग्रेस की एक रैली को संबोधित करते हुए कहा,‘भाजपा का चुनाव प्रचार केवल एक व्यक्ति पर केंद्रित है। वे केवल बड़ी बड़ी बातें कर रहे हैं जो आधारहीन हैं। वे ऐसे वादे कर रहे हैं जो वे कभी भी पूरा नहीं कर पाएंगे।’
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा,‘हमें लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय मुद्दों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए और इस समय बड़े राष्ट्रीय मुद्दों में यह शामिल है कि क्या ऐसी पार्टी की सरकार बननी चाहिए जिसने हमेशा ही समाज को बांटने के लिए काम किया है, क्या हमारा वोट ऐसी पार्टी को जाना चाहिए जो कि एक समुदाय को दूसरे से लड़ाने का काम करती है?’
प्रधानमंत्री ने कहा,‘आपने भाजपा के कुछ नेताओं के बयान सुने होंगे, जिसमें उन्होंने खुले तौर पर समाज को बांटने का प्रयास किया। यद्यपि भाजपा ने ऐसे बयानों से स्वयं को अलग करने का प्रयास किया, मेरा मानना है कि समाज का बांटने के प्रयास भाजपा की राजनीति का हिस्सा हैं।’ उन्होंने कहा, ‘यह ध्यान देने की जरूरत है कि ये बयान ऐसे समय आए हैं जब चुनाव हो रहा है, भाजपा का मानना है कि बांटने की राजनीति से पार्टी को लाभ होगा।’ सिंह ने कहा कि विपक्षी पार्टी राजनीतिक लाभ प्राप्त करने के लिए ‘बांटने की राजनीति’ में विश्वास करती है। उन्होंने भ्रष्टाचार रोकने में ‘असफलता’ के लिए भाजपा द्वारा अपनी सरकार पर किए जाने वाले हमले पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यूपीए सरकार ने सूचना का अधिकार और लोकपाल कानून बनाने जैसे ठोस उपाय किए हैं।
सिंह ने कहा, ‘विपक्षी पार्टियों ने यूपीए के काम पर आधारहीन आरोप लगाए हैं। इसमें से एक यह है कि हमने भ्रष्टाचार कम करने में पूरा प्रयास नहीं किया। यह सही नहीं है।’
उन्होंने कहा,‘सच्चाई यह है कि हमने भ्रष्टाचार रोकने के लिए कई कदम उठाए हैं,संभवत: देश की किसी अन्य सरकार ने पूर्व में ऐसा नहीं किया। जब भी गलत काम का मामला हमारे सामने आया, हमने दोषियों को सजा दिलाने के लिए कानून के तहत कार्रवाई की।’ उन्होंने कहा, ‘आम आदमी अब सूचना के अधिकार से सरकार के काम के बारे में अधिक सूचना प्राप्त कर सकता है। इससे न केवल हमें गलत काम की जानकारी प्राप्त करने में मदद मिली बल्कि गलत काम में लिप्त लोकसेवकों के बीच भय की भावना बनी।’
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार समाप्त करने में लोकपाल एक बड़ा कदम है। सरकार ने भविष्य में प्राकृतिक संसाधनों के वितरण में गलत काम को खत्म करने में एक व्यवस्था लागू की है। सिंह ने कहा,‘हम भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए और कानून बनाना चाहते थे, लेकिन संसद में भाजपा के असहयोग के चलते ये कानून नहीं बन पाए।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपीए सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान हमेशा ही लोगों की उम्मीदों के अनुरूप काम करने का प्रयास किया और उसने ‘कई क्षेत्रों में सफलता प्राप्त की।’ उन्होंने यद्यपि कहा कि कुछ क्षेत्रों में सफलता इच्छा के अनुरूप नहीं थी। उन्होंने कहा,‘जब मैं पिछले 10 सालोंं के बारे में सोचता हूं, मैं पाता हूं कि देश का परिदृश्य काफी हद तक बदला है। मैं देखता हूं कि पिछले 10 सालों में जो प्रगति हुई वैसी पूर्व के किसी भी दशक में नहीं हुई। गत दशक के दौरान जो परिवर्तन हुआ है,किसी अन्य (पूर्ववर्ती)दशक में नहीं हुआ। अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में हमारा रिकार्ड किसी भी पूर्ववर्ती सरकार से बेहतर रहा है।’





















