दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल)। तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी ने आज अपना रूख नरम कर लिया और चुनाव आयोग के निर्देश के मुताबिक पांच नए अधिकारियों की नियुक्ति करने को तैयार हो गई हैं। ममता ने आयोग का रूख कड़ा होने के बाद टकराव का रास्ता छोड़ दिया।
बनर्जी ने आज यहां जल्दबाजी में बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘चुनाव आयोग के निर्देश के मुताबिक मैं पांच अधिकारियों की नियुक्ति करूंगी। मुझे कोई आपत्ति नहीं है।’’
बनर्जी ने कहा, ‘‘यह मेरे लिए अच्छा होगा, मेरे राज्य में सभी अधिकारियों से मेरे अच्छे संबंध हैं।’’
बनर्जी चुनाव आयोग के निर्देश के मुताबिक चार जिलों के पुलिस अधीक्षक और एक जिलाधिकारी और दो एडीएम के तबादले को राजी हो गईं। इन अधिकारियों के खिलाफ शिकायतें थीं। हालांकि कल उन्होंने चुनाव आयोग पर तीखा हमला किया और आदेश का पालन नहीं करने और जेल जाने तक की धमकी दे डाली थी।
बहरहाल उन्होंने निर्णय को लेकर चुनाव आयोग की आलोचना जारी रखी और कहा, ‘‘मैं चुनाव आयोग का सम्मान करती हूं लेकिन वे राजनीतिक खेल कर रहे हैं। यह उनका राजनीतिक प्रतिशोध है।’’
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री की आलोचना और इसके निर्देशों का उल्लंघन करने की धमकी से अविचलित चुनाव आयोग ने आज राज्य के मुख्य सचिव से कहा कि सात अप्रैल के इसके आदेश का कल सुबह दस बजे तक पालन किया जाना चाहिए ।
बनर्जी ने आरोप लगाए कि चुनाव आयोग के इस तरीके की कार्रवाई केवल पश्चिम बंगाल जैसे क्षेत्रीय दल शासित राज्यों में ही दिख रही है। उन्होंने पूछा, ‘‘उसने इस तरह की कितनी कार्रवाईयां गुजरात, राजस्थान या महाराष्ट्र में की है? क्षेत्रीय दलों को निशाना क्यों बनाया जा रहा है?’’ उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों के तबादले के आदेश दिए गए थे वे सक्षम थे और उनकी ईमानदारी पर कोई संदेह नहीं था।
बनर्जी ने कहा, ‘‘राज्य सरकार से विचार-विमर्श किए बगैर अधिकारियों के तबादले किए गए। यह भी नहीं पूछा गया कि किस जिले में कौन अधिकारी सक्षम है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव आयोग इस सिलसिले में पूरी तरह भ्रमित कर रहा है।’’
बनर्जी ने कहा कि राज्य सरकार कल चुनाव आयोग को पत्र भेजेगी लेकिन उन्होंने विस्तार से जानकारी नहीं दी। स्थानांतरित अधिकारियों का पक्ष लेते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होने के बाद स्थानांतरित पुलिस अधीक्षकों एवं जिलाधिकारी को ‘‘पूरे सम्मान के साथ’’ उनके वर्तमान पद पर वापस लाया जाएगा।
चुनाव आयोग द्वारा अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने से इंकार कर देने के बाद समझा जाता है कि राज्य के मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री को एक नोट भेजा और सुझाव दिया कि चुनाव आयोग के निर्देश को स्वीकार कर लिया जाए। बनर्जी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में सभी 42 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।





















