नई दिल्ली.रोड शो के दौरान ऑटो ड्राइवर ने पहले केजरीवाल को माला पहनाई और फिर थप्पड़ मारा.हमले के बाद बोले अरविंद केजरीवाल, ‘मेरी जान को है खतरा पर नहीं लूंगा सुरक्षा’
आम आदमी पार्टी आप के नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि उनके खिलाफ हुआ हमला पूर्व नियोजित था और उनकी जान को खतरा है. लेकिन उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि वह किसी तरह की सुरक्षा नहीं लेंगे.
केजरीवाल ने मंगलवार को अपने ऊपर हुए हमले के बाद मीडिया से कहा, ‘ये हमले पूर्व नियोजित हैं. जब हमलावर गिरफ्तार होते हैं, तो वे एक जैसी बातें दोहराते हैं.’ केजरीवाल ने सवाल किया, ‘सभी हमले हम पर ही क्यों हो रहे हैं?’
केजरीवाल ने ही इसका जवाब दिया और कहा कि आम आदमी पार्टी के उदय से विभिन्न पार्टियों की सेटिंग गड़बड़ा गई है. दिल्ली में 49 दिनों की सरकार चलाने वाले केजरीवाल ने कहा, ‘अभी और हमले होंगे, हम मारे भी जा सकते हैं. मैं सुरक्षा नहीं चाहता. जब तक ईश्वर हैं, मैं जिंदा रहूंगा, मुझे कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता. जब ईश्वर को लगेगा कि मेरा समय पूरा हो गया है, मैं मर जाऊंगा, तब कोई नहीं रोक सकता.’
ऑटोवाले ने केजरीवाल को मारा थप्पड़
दरअसल, अरविंद केजरीवाल को आज एक रोड शो के दौरान ऑटो ड्राइवर ने थप्पड़ जड़ दिया. केजरीवाल दिल्ली के किराड़ी इलाके में आम आदमी पार्टी की कैंडिडेट राखी बिडलान के समर्थन में रोड शो कर रहे थे. तभी ये ऑटो ड्राइवर फूल माला लेकर उनकी कार के बोनट पर चढ़ा. इसने पहले केजरीवाल को माला पहनाई और फिर तमाचा मार दिया.
मौके पर मौजूद आप समर्थकों ने तुरंत थप्पड़ मारने वाले की धुनाई कर दी. इस दौरान केजरीवाल उसे पिटाई से बचाने की कोशिश करते रहे. खुद पर हमले से दुखी केजरीवाल कुछ देर बाद महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पहुंच गए और समर्थकों संग वहां बैठ गए. आप नेता मनीष सिसोदिया ने समर्थकों से भी राजघाट पहुंचने की अपील की. थप्पड़ के बाद केजरीवाल के चेहरे पर सूजन आ गई है. थप्पड़ मारने का नाम लाली बताया जा रहा है. वह अमन विहार इलाके का रहने वाला है.
घटना से दुखी अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा, ‘मैं सोच रहा हूं कि मुझ पर लगातार हमले क्यों हो रहे हैं. इसका मास्टरमइंड कौन है. वे क्या चाहते है?’






















