अमरावती। बसपा प्रमुख मायावती ने गुरुवार को भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर यह कहते हुए सीधा हमला बोला कि मोदी को सत्ता में लाने के लिए लोगों ने वोट दिया तो स्पष्ट तौर पर सांप्रदायिक दंगों के बढ़ जाने से देश बर्बाद हो जाएगा।
दलित आबादी व कांग्रेस का गढ़ माने जानेवाले विदर्भ में चुनाव प्रचार के दौरान उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद उनकी पार्टी सत्ता का संतुलन बनाने वाली के रूप में उभरेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2002 के दंगों के लिए मोदी जिम्मेदार हैं। उन दंगों से पूरा गुजरात प्रभावित हुआ था।
माया ने कांग्रेस पर भी यह कहते हुए हमला बोला कि राष्ट्रीय पार्टी ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समेत पिछड़े व सिख, ईसाई और मुस्लिम जैसे अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों की बेहतरी के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने पिछले 60 वर्षो के दौरान देश में कुशासन और सभी पिछड़ेपन के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया.
राहुल गांधी के संभावित प्रधानमंत्री बनने के संदर्भ में मायावती ने कहा कि हालांकि कांग्रेस ने किसी को अपनी ओर से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं बनाया है लेकिन ऐसा लगता है कि युवराज (राहुल गांधी) उसके शीर्ष पद के उम्मीदवार हैं।
बसपा प्रमुख ने कहा कि मोदी दावा कर रहे हैं कि यदि भाजपा सत्ता में आई तो वह देश की तस्वीर बदल देगी लेकिन जब भाजपा के नेतृत्व में राजग की सत्ता थी तो भगवा पार्टी ने क्या किया था?






















