ठाणे । राकांपा प्रमुख और केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार ने गुरुवार को भाजपा के पीएम पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी के राजनीतिक एजेंडा पर हमला बोलने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का हवाला दिया।
उन्होंने कहा कि अटलजी ने कभी भी अपने लिए नहीं, पार्टी के लिए वोट मांगा। नरेंद्र मोदी अपने लिए वोट मांग रहे हैं। उनके लिए पार्टी सबसे ऊपर थी। मोदी नेता के रूप में देश तोड़ने में जी जान से जुट गए हैं। उन्होंने मीडिया को कोसते हुए कहा कि मीडिया भी पैसे लेकर रोज मोदी का भाषण टीवी पर दिखा रहा है। मोदी के पीछे बड़ी आर्थिक शक्ति काम कर रही है। पवार पार्टी के उम्मीदवार आनंद परांजपे के समर्थन के लिए एक रैली को संबोधित कर रहे थे। परांजपे कल्याण लोकसभा सीट से प्रत्याशी हैं। पवार ने मोदी की हाल की गलतियों के लिए भी आलोचना करते हुए कहा कि मोदी को देश के इतिहास के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्हें स्वतंत्रता संघर्ष की भी कम जानकारी है और वह प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं।























