नई दिल्ली. कांग्रेस ने बुधवार को लोकसभा चुनाव 2014 के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। घोषणा पत्र में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, कामगारों, अल्पसंख्यकों के कल्याण का वादा किया गया है भ्रष्टाचार और काले धन के विरुद्ध अपने संकल्प की धार तेज की हे।
क्या हे कांग्रेस के वादों और उनके अर्थ पर एक दृष्टी:
आमजनता को अधिकार देने की राजनीति
कांग्रेस ने राइट टू हेल्थ, राइट टू पेंशन, राइट टू हाउसिंग, राइट टू सोशल सेक्योरिटी, राइट टू डिग्निटी एंड ह्युमेन वर्किंग कंडिशंस और राइट टू एंटरप्रेन्योरशिप का वादा किया है। इसके अलावा पार्टी ने न्यूनतम मजदूरी के कानून को भी सख्ती से लागू करने का वादा किया है। कांग्रेस ने यह वादा भी किया है कि जो लोग किसी एक मकान में 20 साल से ज्यादा समय से किराए पर रहे हैं, उन्हें उस मकान का मालिकाना हक दे दिया जाएगा।
अर्थ:कांग्रेस की अधिकार देने की राजनीति जारी रहेगी। सूचना के अधिकार,खाध का अधिकार,शिक्षा का अधिकार,भूमि न बेचने का अधिकार और रोजगार गारंटी योजना की कामयाबी के बाद पार्टी इस फॉर्मूले को छोड़ना नहीं चाहती।
दृष्टि: देश की 70 करोड़ आबादी, जो गरीबी रेखा से ऊपर और मध्य वर्ग से नीचे की श्रेणी में आती है। इसके अलावा गरीबी रेखा के नीचे जीवन जीने वाले लोगों को भी साथ रखने की कोशिश।
काला धन
कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में काला धन वापस लाने के लिए राजदूत नियुक्त करने का वादा किया है।
अर्थ
विपक्ष इस मुद्दे को जोर शोर से उठा रहा है। इसलिए कांग्रेस ने इस मुद्दे पर राजदूत नियुक्त करने का वादा किया है।
युवाओं पर नजर
राष्ट्रीय युवा नीति लागू करने की बात कांग्रेस के घोषणा पत्र में कही गई है। शिक्षा, खेल और नेतृत्व विकास पर जोर देने का वादा। सर्व शिक्षा अभियान के बाद अब श्रेष्ठ शिक्षा अभियान पर जोर देने का वादा ताकि शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखी जाए। उच्च शिक्षा में विदेशी निवेश को मंजूरी देने का वादा। कांग्रेस ने 2020 तक 10 करोड़ नए रोजगार के मौकों के सृजन का वादा किया है।
अर्थ
देश में 14.93 करोड़ लोग पहली बार वोट डालेंगे। इसका मतलब हुआ कि इस बार 543 लोकसभा सीटों में हर सीट पर औसतन 90 हजार ऐसे वोटर हैं, जो पहली बार वोट देंगे। जाहिर है इसमें ज्यादातर युवा होंगे। करीब 28 करोड़ वोटर 28 साल से कम उम्र के हैं। कांग्रेस की नजर इसी वोट बैंक पर है।
मिडल एज और सीनियर सिटिजन पर भी जोर
कांग्रेस ने सभी के लिए पेंशन, मुफ्त दवा, बुजुर्ग लोगों की सुरक्षा, पीएफ, रोजगार के दौरान चोट लगने पर लाभ, ओल्ड एज होम का वादा।
अर्थ
उम्रदराज लोगों पर नजर। युवा वोटरों को अपनी तरफ खींचने में जबर्दस्त कंपटीशन को देखते हुए कांग्रेस ने 35 साल से अधिक उम्र के लोगों को भी अपनी तरफ खींचने की कोशिश की है।
एसएसी/एसटी का कल्याण
प्राइवेट सेक्टर में अनुसूचित जाति/जनजाति के कल्याण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सहमति बनाने का वादा। इसका मतलब प्राइवेट सेक्टर की नौकरी में आरक्षण दिया जाना निकाला जा रहा है।
अर्थ
देश की 84 लोकसभा सीटें एसएसी/एसटी के लिए सुरक्षित हैं। कांग्रेस की नजर इन सीटों पर है। देश के कुल वोटरों करीब 81 करोड़ में 17 फीसदी एसएसी/एसटी वर्ग के तहत आते हैं।






















