बड़ोदा.कांग्रेस ने पार्टी महासचिव मधुसूदन मिस्त्री को वडोदरा से नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ अपना उम्मीदवार बनाया है, इस फ़ैसले पर मधुसूदन मिस्त्री ने कहा, “मैं इस समय का सालों से इंतज़ार कर रहा था. मोदी को वडोदरा से चुनाव लड़ने दीजिए. मैं भी यहां से लडूंगा और उन्हें हराऊंगा. मुझे पूरा भरोसा है कि मैं उन्हें हरा दूंगा.”
इससे पहले कांग्रेस के उम्मीदवार नरेंद्र रावत ने इस सीट से अपनी उम्मीदवारी को ये कहते हुए वापस ले लिया था कि भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के ख़िलाफ़ किसी मज़बूत उम्मीदवार को मैदान में उतारना चाहिए.
इसके बाद कांग्रेस के गुजरात प्रभारी गुरुदास कामत ने कहा कि चूंकि वडोदरा से भाजपा ने नरेंद्र मोदी को मैदान में उतारा है, इसलिए कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार नरेंद्र रावत ने पार्टी से अनुरोध किया कि उनकी जगह किसी मज़बूत उम्मीदवार को यहां से मैदान में उतारा जाए.
इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने मधुसूदन मिस्त्री को वडोदरा से प्रत्याशी बनाने का फ़ैसला किया. मधुसूदन मिस्त्री कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रभारी भी हैं.
‘जीत का भरोसा'”मैं इस समय का सालों से इंतज़ार कर रहा था. मोदी को वडोदरा से चुनाव लड़ने दीजिए. मैं भी यहां से लडूंगा और उन्हें हराऊंगा. मुझे पूरा भरोसा है कि मैं उन्हें हरा दूंगा.”मधुसूदन मिस्त्री, कांग्रेस महासचिव
पिछले दो दशकों से वडोदरा सीट पर भाजपा की मज़बूत पकड़ मानी जाती है. साल 1996-98 को छोड़ दें तो भाजपा का इस सीट पर 1991 से क़ब्ज़ा है.
नरेंद्र मोदी वडोदरा के अलावा उत्तर प्रदेश का वाराणसी सीट से भी लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं. कांग्रेस पार्टी ने वाराणसी सीट से अभी अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है. मधुसूदन मिस्त्री को गुजरात में आदिवासियों का लोकप्रिय नेता माना जाता है, हालांकि वो 2009 में साबरकाथा सीट से चुनाव हार गए थे.






















