नई दिल्ली : नरेंद्र मोदी पर अपना हमला तेज करते हुए कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने सोमवार को कहा कि भाजपा पर एक आदमी ने ‘कब्जा’ कर लिया है जो पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को टिकट देने और टिकट काटने पर फैसले कर रहा है। उन्होंने मीडिया के एक तबके की आलोचना करते हुए कहा कि वह मोदी को ‘‘सभी समस्याओं के समाधान’’ के रूप में पेश कर रहा है।
सिब्बल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘वे मोदी सरकार की बात क्यों करते हैं, भाजपा या गठबंधन या राजग सरकार की बात क्यों नहीं करते। यदि इस तरह का मामला है तो भाजपा का लोकतंत्र से कोई लेना देना नहीं है।’ उन्होंने कहा कि यदि कोई एक ही व्यक्ति सरकार चलाता है तो यह ‘असंवैधानिक’ है। ‘क्या मोदी खुद ही सबकुछ हे, या पार्टी से भी बड़े हैं। यह सवाल है जो बीजेपी के लोगों को भी परेशान कर रहा है।’ कांग्रेस नेता ने कहा कि लगता है कि भाजपा पर एक आदमी ने ‘कब्जा’ कर लिया है। ‘एक ही आदमी फैसला करेगा कि किसको टिकट मिलेगा। जिन लोगों ने पार्टी बनाने में जीवन गुजारे हैं, उन्हें अब सत्ता की खातिर जगह नहीं दी जा रही।’




















