प्रतापगढ़। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना पर जमकर हमला बोला। राहुल ने कहा कि इन दलों के लोग महाराष्ट्र में उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के साथ अन्याय करते हैं। राहुल गांधी ने यहां रामलीला मैदान में एक चुनाव सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी और शिवसेना के लोग उत्तर प्रदेश और बिहार जाकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन इन्हीं दलों के नेता इन दोनों राज्यों के लोगों पर वहां अत्याचार करते हैं।
प्रतापगढ़ की रैली में राहुल के निशाने पर आज एनडीए का कुनबा था। अब से कुछ देर पहले राहुल गांधी ने शिवसेना के बहाने एनडीए पर हमला किया। राहुल ने कहा कि मुंबई में यूपी और बिहार के लोगों के साथ भेदभाव होता है, और ऐसा करने वाली शिवसेना जैसी पार्टी एनडीए में शामिल है। राहुल ने लोकसभा चुनाव को दो विचारधाराओं की टक्कर करार दिया।
राहुल के मुताबिक कांग्रेस की विचारधारा गरीब-मजदूरों की है, जबकि दूसरे पक्ष की विचारधारा गुस्से और एक व्यक्ति को दूसरे से लड़ाने की है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं की सोच है कि हिन्दुस्तान को एक व्यक्ति चलाता है। राहुल ने बिना मोदी का नाम लिए कहा कि एक नेता का दावा है कि गुजरात को उन्होंने अकेले दम खड़ा किया है। ऐसा बोलते वक्त वो भूल जाते हैं कि गुजरात को वहां कि महिलाओं ने खड़ा किया है।
राहुल ने कहा कि हमारी सोच ज्यादा से ज्यादा लोगों को शक्ति देने की है। राहुल ने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में कांग्रेस को सबसे आगे बताया और कहा कि लोकपाल बिल कांग्रेस ही लेकर आई। अपने भाषण के बाद राहुल गांधी ने सुरक्षा घेरा तोड़ा और बैरिकेडिंग लांघकर आम लोगों से मुलाकात भी की।
उन्होंने कहा कि इन दलों के लोग इन राज्यों के निवासियों को वहां धमकाते हैं और उनके साथ अन्याय करते हैं। उन्होंने कहा कि जब वह महाराष्ट्र गए तो बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों ने उनसे सुरक्षा की मांग की। उन्होंने कहा कि यही शिवसेना के लोग एनडीए में भी हैं।






















