चेन्नई. तमिलनाडु की पार्टी एमडीएमके ने अपने घोषणापत्र में वादा किया है कि अगर लोकसभा चुनाव के बाद उसे सरकार बनाने में भागीदारी का मौका मिला तो वह देश का नाम बदल देगी। पार्टी ने भारत का नया नाम रखा है यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ इंडिया, जिसे हिंदी में कहा जा सकता है संयुक्त राज्य भारत। MDMK भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है।अपने सहयोगी दल के इस प्रस्ताव पर बीजेपी का क्या रुख है, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
एमडीएमके के तेज-तर्रार तमिल नेता वाइको ने कहा कि आतंकवादी संगठन एलटीटीई पर से प्रतिबंध भी हटा लिया जाएगा। पार्टी का मानना है कि जब भारत का संविधान बनाया गया था तो संघीय ढांचे का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन शुरुआत में ‘अनेकता में एकता’ की बात कहने वाले लोगों ने बाद में सारी शक्ति केंद्र के पास जमा कर दी।
पार्टी ने कहा है कि देश की एकता को मजबूत करने के लिए भारतीय संविधान पर दोबारा विचार होना चाहिए और देश का नाम बदलकर यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ इंडिया रखा जाना चाहिए। एमडीएमके की एक मांग यह भी है कि शिक्षा आदि विषयों से जुड़ी राज्यों की शक्तियों लौटाई जाएं और केंद्र के बजाय राज्यों को इन पर पूरा अधिकार दिया जाए।
एमडीएमके के घोषणा पत्र में एक दिलचस्प बात मौत की सजा पर प्रतिबंध लगाने की भी है। इसके अलावा दक्षिण में सुप्रीम कोर्ट की एक बेंच स्थापित करने की भी बात कही गई है क्योंकि दक्षिण के लोगों के लिए दिल्ली तक पहुंचना मुश्किल होता है।























