गोवा. अपनी सहकर्मी पत्रकार पर यौन हमले पर तहलका पत्रिका के संपादक तरुण तेजपाल ने फिर दोहराया कि जो कुछ भी हुआ वह परस्पर सहमति से हुआ था। पुलिस अधिकारी सैमी टावारेस की देखरेख में जांच अधिकारी सुनीता सावंत के नेतृत्व वाली टीम तेजपाल के विस्तृत बयान दर्ज कर रही है। इस पूरे मामले की जांच कर रही गोवा पुलिस अधिकारी ने कहा कि तरूण तेजपाल जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।तेजपाल कह रहे हैं कि जो कुछ हुआ, वह आपसी सहमति से हुआ। हालांकि, उन्होंने घटना में शामिल होने से इनकार नहीं किया है।
इस बीच गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर ने कहा कि सहकर्मी के यौन उत्पीड़न के आरोपी तहलका पत्रिका के संपादक तरुण तेजपाल के मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत में एक महिला न्यायाधीश द्वारा की जाएगी। हम उच्चतम न्यायालय के दिशानिर्देशों का पालन करेंगे। उन्होंने कहा न्याय मिलने में अगर विलंब हो तो वह अर्थहीन हो जाता है इसलिए सभी मामलों में शीघ्र न्याय दिया जाना चाहिए।





















