कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया को रविवार को औपचारिक रूप से जी-20 देशों की अध्यक्षता मिल गई। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री टोनी एबॉट ने कहा कि 2014 में जी-20 सम्मेलन कराना एक बड़ा अवसर होगा। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक एबॉट ने कहा कि 2014 में जी-20 सम्मेलन का आयोजन ऑस्ट्रेलिया के लिए एक बड़ा अवसर और एक बड़ी जिम्मेदारी है।
आर्थिक विकास और रोजगार के अलावा 2014 में जी-20 के अध्यक्ष के तौर पर ऑस्ट्रेलिया वैश्विक अर्थव्यवस्था के भविष्य के झटके को बेहतर तरीके से झेलने लायक बनाने पर भी ध्यान केंद्रित करेगा। जी-20 समूह में शामिल हैं- अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, इंडोनेशिया, भारत, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ।
ऑस्ट्रेलिया ने 2014 में जी-20 में भाग लेने के लिए सिंगापुर और न्यूजीलैंड को भी आमंत्रित किया है। जी-20 सम्मेलन 15-16 नवंबर, 2014 को क्वींसलैंड के ब्रिसबेन में होने की संभावना है।





















