दिल्ली. बीजेपी नेता विजय जौली को कालिख पोतने वाले मामले में गिरफ्तार किया जा सकता है। पुलिस का कहना है कि उनके खिलाफ सीधे सबूत हैं जो कई न्यूज चैनल में भी देखे गए हैं। इसलिए उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है, लेकिन इससे पहले पुलिस उनसे पूछताछ करना चाहती है।
साउथ दिल्ली की साकेत थाना पुलिस ने जौली से शनिवार को भी पूछताछ की। शनिवार को वह साकेत थाने में सुबह करीब 10 बजे आ गए थे। उनसे तकरीबन तीन घंटे तक पूछताछ की गई थी। पुलिस का कहना है कि उन्हें रविवार को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।आरोप है कि जौली ने तहलका मैगजीन की पूर्व मैनेजिंग एडिटर शोमा चौधरी के साकेत स्थित घर के बाहर नेम प्लेट पर गुरुवार को कालिख पोतकर एक्यूज लिख दिया था। उस वक्त उनके साथ कुछ समर्थक भी थे। इसके बाद जब शोमा चौधरी अपनी कार से घर से बाहर जा रही थी, तब उनकी कार के बोनट पर जौली बैठ गए और उनका रास्ता रोकने की कोशिश की।




















