दिल्ली . बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि जो सभी को साथ लेकर चल सकता है, वही देश को चला सकता है। उन्होंने पूर्वांचल के मतदाताओं से नजदीकी साधने का प्रयास करते हुए कहा कि यदि बाहरी काम करना बंद कर दें, पूरी दिल्ली रुक जाएगी।
बिहार में सरकार चला रही कुमार की पार्टी जदयू दिल्ली विधानसभा चुनाव में कुल 70 सीटों में से 27 पर लड़ रही है। पार्टी महासचिव जावेद रजा ने बताया कि दो दिन के दिल्ली दौरे पर आए कुमार ने आज यहां द्वारका, संगम विहार और ओखला में तीन रैलियों को संबोधित किया। कल वह किराड़ी, बुराड़ी और घोडा में तीन और रैलियों को संबोधित करेंगे। कुमार की ज्यादातर रैलियां उन क्षेत्रों में रखी गई हैं जहां पूर्वांचलियों की अच्छी खासी आबादी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो बाहरियों को बोझ बताते हैं, उन्हें जान लेना चाहिए कि दिल्ली सभी की है और सभी का इस पर समान अधिकार है। उन्हें यह समझना चाहिए कि ये लोग बोझ नहीं हैं बल्कि ये अपने उपर बोझ ले रहे हैं। यदि ये लोग किसी दिन इस बोझ को उठाना बंद कर दें तो पूरी दिल्ली रुक जाएगी।
नीतीश ने कहा कि ये वे लोग हैं जो भव्य भवनों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं लेकिन बिना मूलभूत सुविधाओं के रहते हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा दोनों इसके लिए समान रूप से जिम्मेदार है क्योंकि भाजपा स्थानीय निकायों में सत्तासीन है तो कांग्रेस की सरकार है और उसकी भी इसे पूरा करने की जिम्मेदारी है।
अपने चिर प्रतिद्वंद्वी मोदी का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि हमारे देश में विभिन्न जातियों, पंथों और धर्मों के लोग रहते हैं। जो व्यक्ति समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चल सकता है, वही देश को चला सकता है। जिस तरह की नीतियां देश पर डालने की कोशिश की जा रही हैं, वे शुभ नहीं हैं




















