गोवा । महिला पत्रकार के यौन शोषण के आरोपी तहलका के तरुण तेजपाल गिरफ्तार कर लिए गए हैं। तेजपाल को गोवा के डॉना पॉला इलाके में क्राइम ब्रांच के ऑफिस से क्राइम ब्रांच की अधिकारी सुनीता सावंत ने गिरफ्तार किया है। तेजपाल आगासिन के पुलिस बैरक में रहेंगे। कल तेजपाल को हॉली-डे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इससे पहले गोवा की सेशंस कोर्ट ने 10 घंटे के मंथन के बाद तेजपाल की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी थी। सुबह 10 बजे से दिन के दो बजे तक चली बहस के बाद गोवा की सेशंस कोर्ट की जज अनुजा प्रभुदेसाई ने रात आठ बजे फैसला सुनाया। उन्होंने तरुण तेजपाल को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया। कोर्ट के फैसले के तुरंत बाद गोवा पुलिस की क्राइम ब्रांच ने तेजपाल को हिरासत में ले लिया।
कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि तेजपाल दिन में एक बार अपने वकील से मिल पाएंगे। हालांकि कोर्ट ने तेजपाल की रिमांड पर फैसला अभी नहीं सुनाया है, गोवा पुलिस ने दो हफ्ते की रिमांड मांगी थी। समझा जा रहा है कि पुलिस सोमवार को तेजपाल को कोर्ट में पेश करेगी और तेजपाल की पुलिस रिमांड की मांग करेगी।
आज सुबह से ही पणजी में गहमागहमी का दौर शुरू हो गया। तेजपाल सुबह 9.05 बजे होटल से क्राइम ब्रांच पहुंचे और वहां हाजिरी देकर वापस होटल लौट आए। इसके कुछ देर बाद तेजपाल कोर्ट पहुंच गए। हालांकि इससे पहले तेजपाल ने कहा था कि मेरा अदालत में जाना जरूरी नहीं है। मैं पुलिस को पूरा सहयोग कर रहा हूं। कोर्ट में तेजपाल की पत्नी और उनकी बेटी भी मौजूद थीं।




















