नई दिल्ली। देश के तीन पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा,अटल बिहारी वाजपेयी तथा दिवंगत वीपी सिंह के परिजन सरकारी बंगले की सुविधा का मोह छोड़ नहीं पा रहे हैं।
आरटीआइ कार्यकर्ता सुभाष अग्रवाल की अर्जी के जवाब में केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के अधीन काम करने वाले संपत्ति आवंटन निदेशालय नेयह जानकारी दी है। निदेशालय की ओर से अग्रवाल को भेजे गए जवाब में कहा गया है कि पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा और उनके परिजन आज भी सफदरंज लेन के उसी 5 नंबर बंगले में रह रहे हैं, जो सरकार की ओर से उन्हें आवंटित किया गया था। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भी कृष्णा मेनन मार्ग स्थित बंगला नंबर 6 [ए] खाली नहीं किया है। खास बात यह है कि 2004 में पीएम बनने के बाद वाजपेयी के साथ तो एक रोचक तथ्य यह भी है कि उन्होंने आवंटित सरकारी आवास [कृष्णा मेनन मार्ग के बंगला नंबर 8] का नंबर बदलवा कर 6 [ए] कराया था। हालांकि उन्होंने खुद इस बाबत आग्रह नहीं किया था। अतिरिक्त सचिव अशोक सेकिया ने 19 मई 2004 को शहरी विकास मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव को पत्र लिख कर आवास का नंबर बदलने का अनौपचारिक अनुरोध किया था। सरकारी आवास की सुविधा उठाने वाले पूर्व प्रधानमंत्रियों की फेहरिस्त में अगला नाम दिवंगत विश्वनाथ प्रताप सिंह [वीपी सिंह] का है। सिंह की पत्नी सीता कुमारी आज भी परिजनों के साथ इसी आवास में रह रही हैं।




















