काठमांडू।नेपाल में 105 सीटें जीत सबसे बड़ी पार्टी बनी नेपाली कांग्रेस और सीपीएन-यूएमएल ने अंतरिम संविधान में संशोधन की माओवादियों की मांग को खारिज कर दिया है। माओवादी संविधान में संशोधन कर अगली सरकार बनाने के लिए सर्वसम्मति का प्रावधान शामिल करने की मांग कर रहे हैं। नेपाली कांग्रेस और सीपीएन-यूएमएल का कहना है कि देश को कुछ राजनीतिक दलों के निहित स्वार्थो का बंधक नहीं बनाया जा सकता है।
नेपाली कांग्रेस के नेता बिमलेंद्र निधि ने कहा, ‘संविधान में बहुमत और सर्वसम्मति पर आधारित सरकार बनाने का प्रावधान है। हम सर्वसम्मति पर आधारित राजनीति के प्रति वचनबद्ध हैं, लेकिन इसके लिए अंतरिम संविधान में संशोधन की जरूरत नहीं है।’ सोमवार को यूसीपीएन-माओवादीकी केंद्रीय समिति की बैठक में मांग की गई थी कि अंतरिम संविधान में संशोधन कर इसमें सर्वसम्मति से सरकार बनाने वाले प्रावधान को शामिल किया जाए तभी माओवादी नए संविधान की निर्माण प्रक्रिया में शामिल होंगे। माओवादी नई संविधान सभा का बहिष्कार करने की धमकी दे रहे हैं। उनका आरोप है कि हाल ही में इसके लिए हुए चुनाव में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है। इस चुनाव में माओवादियों को हार का सामना करना पड़ा है।




















