मुंबई। टाटा संस ने बैंक स्थापित करने के लिए अपना आवेदन वापस ले लिया है। कंपनी ने कहा है कि उसका मौजूदा वित्तीय सेवा माडल, समूह के घरेलू व विदेशी कारोबारों की जरूरतें पूरी करने के लिए सर्वोत्तम है।‘कंपनी इस क्षेत्र में घटनाक्रमों पर निरंतर नजर रखेगी और उचित समय पर बैंकिंग क्षेत्र में भागीदारी करने की संभावना तलाशेगी।’’
टाटा संस से पहले वेणुगोपाल धूत के वीडियोकान ने भी कुछ महीने पहले अपना आवेदन वापस ले लिया था। बैंक लाइसेंस के लिए आवेदन करने वालों में अब अनिल अंबानी समूह और आदित्य बिड़ला समूह समेत दो दर्जन से अधिक कंपनियां रह गई हैं।
रिजर्व बैंक ने एक बयान में कहा, ‘‘ कंपनी (टाटा संस) ने संकेत दिया है कि उसका मौजूदा वित्तीय सेवा परिचालन माडल, टाटा समूह के घरेलू व विदेशी रणनीति की जरूरतें पूरी करने के लिए सर्वोत्तम है।’साथ ही यह समूह के विविध भागीदारों वाले ढांचे के हितों की रक्षा करते हुए समूह की कंपनियों के लिए पर्याप्त लचीली व्यवस्था उपलब्ध कराता है।’’
रिजर्व बैंक ने कहा कि उसने टाटा संस को आवेदन वापस लेने की अनुमति दे दी है।



















