ग्वालियर। विधानसभा चुनाव में भिंड-मुरैना जिले के उम्मीदवारों और समर्थकों में एक-एक वोट के लिए मारामारी तक की नौबत आ सकती है। अटेर, भिंड, मेहगांव व लहार विधानसभा क्षेत्र में तो प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के प्रत्याशी और उनके समर्थक वोटों के लिए कुछ भी कर गुजरने को तैयार हैं।
इसी कारण चुनाव आयोग ने भिंड को मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए सबसे अधिक संवेदनशील जिला माना है। स्थित यह है कि यहां इस बार संवेदनशील मतदान केंद्र ढाई गुना बढ़कर 316 कर दिए गए हैं। भिंड जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशी व उनके समर्थक वोट बटोरने के लिए लोगों की घेराबंदी करने में जुटे हैं।
भिंड में 199 केंद्र अति संवेदनशील
वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में संवेदनशील केंद्रों की संख्या 139 थी और अब यह बढ़कर 316 तक पहुंच गई है। इनमें अति संवेदनशील केंद्र की संख्या 199 है। उधर मुरैना में वर्ष 2008 के चुनाव में 300 संवेदनशील केंद्र थे, इस बार 329 हो गए हैं। यहां अति संवेदनशील केंद्र 73 हैं।





















