नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि बीजेपी और कांग्रेस में पति-पत्नी का संबंध है. केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सच्चाई और बढ़ती ताकत से दोनों पार्टियां बौखला गई हैं.
अरविंद केजरीवाल पर विवाद कम होने के नाम ही नहीं ले रहे हैं.केजरीवाल के एक विवाद पर भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारियों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए उन्हें उन्हें चिट्ठी लिखी है.केजरीवाल ने कहा था कि वे चाहते तो राजनीति में आने की बजाय इनकम टैक्स कमिश्नर रहते और करोड़ों कमाते.आईआरएस एसोसिएशन ने केजरीवाल को लिखे दो पन्ने के पत्र में कहा है कि आपके बयान के उलट, आपने कभी भी कमिश्नर के रूप में काम नहीं किया है। यही नहीं आपके बैच में किसी को अब तक इनकम टैक्स कमिश्नर के रूप में प्रमोट नहीं किया गया है।
एसोसिएशन ने अपने पत्र में खास रूप से जिक्र किया है कि आपका यह बयान जिसमें आपने कहा था कि कमिश्नर के रूप में मैं करोड़ों रुपये कमा सकता था और लाल बत्ती वाली गाड़ी में घूम सकता था। लेकिन मैंने वह नौकरी छोड़ दी और राष्ट्र की सेवा करने के लिए आगे आया।चिट्ठी में लिखा गया है कि आपका ऐसा बयान यह बता रहा है कि पूरा विभाग ही खराब है। ऐसे बयान से पूरे विभाग को दुख और पीड़ा हुई है।
आपकी पत्नी आज भी आईआरएस परिवार का हिस्सा
चिट्ठी में आगे लिखा गया है कि एसोसिएशन आपको याद दिलाना चाहता है कि कोई भी संगठन या विभाग भ्रष्ट या ईमानदार नहीं होता है, बल्कि वहां काम करने वाला व्यक्ति ऐसा होता है। केजरीवाल को यह नहीं भूलना चाहिए कि उनकी पत्नी इसी आईआरएस परिवार में आज भी काम करती हैं।





















