भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रचार अंतिम चरण में हर राजनीतिक पार्टी ने झंडा गाड़ दिया है और लोगों को लुभाने के लिये रैलियां कर रही हैं। खुद को पवित्र और विरोधी को महालुत्र बताया जा रहा हे.कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मध्य प्रदेश के झाबुआ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा के खाने के दांत और है और दिखाने के और , हमारी निगाह में भ्रष्टाचार के जो भी मामले आए है उन पर कानूनी कार्रवाई की गई और लोगों को पदों से हटना पड़ा। सोनिया ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि इसकी कथनी और करनी में जमीन-आसमान का फर्क है।
सोनिया ने कहा कि आप मध्य प्रदेश के भाजपा सरकार से पूछिए कि इतने मंत्रियों के भ्रष्टाचार के मामले लोकायुक्त में दर्ज हैं, अफसरों के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं उन पर क्या कार्रवाई की गई है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र का दायित्व है कि वह राज्यों को संसाधन और धन उपलब्ध कराए, लेकिन राज्य की भी जिम्मेदारी है कि वह उसका इस्तेमाल अपने लोगों के जीवन की खुशहाली के लिए पूरी ईमानदारी से करे। प्रदेश की बीजेपी सरकार को केंद्र की यूपीए सरकार ने करोड़ों रुपये विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के तहत दिए, लेकिन उसका परिणाम क्या हुआ? इस भ्रष्ट सरकार ने इसका इस्तेमाल आपके लिए नहीं किया।





















