नईदिल्ली.सुप्रीम कोर्ट ने अपनी अवमानना मामले में बुधवार को पूर्व आर्मी जनरल वीके सिंह को बड़ी राहत देते हुए मामले की कार्रवाई खत्म कर दी। सिंह की तरफ से बिना शर्त मांगी गई माफी और उनके द्वारा अपने सभी बयान वापस लेने के बाद कोर्ट ने यह फैसला किया। मामला पूर्व आर्मी चीफ की उम्र से जुड़े विवाद से संबंधित बयानों का है।
वीके सिंह की तरफ से पेश वकील राम जेठमलानी ने कोर्ट से कहा कि उम्र विवाद को लेकर कोर्ट के फैसले के खिलाफ जो भी बयान दिए गए थे उन्हें वापस लिया जाकर, बिना शर्त माफी मांगी है।
इसके बाद जस्टिस आर एम लोढ़ा और जस्टिस एच एल गोखले ने इस बात का संज्ञान लिया कि कोर्ट में मौजूद सिंह ने पहले ही इस मामले में माफी मांग ली है। जजों ने कहा, हम उनकी बिना शर्त माफी को स्वीकार करते हैं उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई खत्म करते हैं। कोर्ट ने कहा, प्रायश्चित एक ऐसा तरीका है जो हर तरह के खराब आचरण को भी माफ कर देता है और अगर माफी दिल से मांगी जा रही है और वह भी जेठमलानी जैसे सीनियर वकील द्वारा तो अवमानना की कार्रवाई एक पल के लिए भी जारी नहीं रहनी चाहिए।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने सिंह की उम्र विवाद के संबंध में 22 सितंबर को प्रकाशित उनकी टिप्पणियों का स्वत: संज्ञान लेते हुए एक अक्टूबर को उन्हें नोटिस जारी किया था। कोर्ट ने तब कहा था कि पहली नजर में यह कोर्ट को बदनाम करने और उसके अधिकार को कम करके आंकने वाला है।





















