रेप केस दर्ज होने के बाद से फरार चल रहे नारायण साईं की पत्नी ने सूरत पुलिस के सामने कई अहम खुलासे किए हैं। जानकी ने बताया कि जमुना से नारायण साईं का एक बेटा है और उसके चरित्र को लेकर वह लंबे समय से परेशान है। इससे पहले 11 नवंबर को नारायण साईं की सेविका गंगा ने भी दावा किया था कि उसकी बहन जमुना के साथ नारायण के रिश्ते थे और दोनों का एक नाजायज बेटा है।
सूरत पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने बताया कि सोमवार को नारायण साईं कि पत्नी जानकी को इंदौर से गुजरात लाया गया और उसने अपना बयान दर्ज करा दिया है। सूत्र बता रहे हैं कि सूरत पुलिस नारायण साईं की पत्नी को गवाह बना सकती है। जानकी ने बताया कि नारायण साईं और उसके बीच संबंध ठीक नहीं चल रहे थे और दोनों के बीच तलाक तक नौबत आ गई है।
पत्नी का बयान दर्ज होने के साथ ही नारायण साईं और उनके पिता आसाराम के चरित्र और उसके व्यक्तिगत कारोबार के बारे में कई और खुलासे होने की संभावना बढ़ गई है। पूछताछ के बाद जानकी ने मीडिया के सामने नारायण के खिलाफ कुछ भी बोलने से मना कर दिया, लेकिन उसके वकील ने कहा कि सूरत पुलिस के समन के आधार पर पूछताछ के लिए जानकी को बुलाया गया था। उसने नारायण की प्रोपर्टी की जानकारी तो नहीं दी पर नारायण के गुनाहों की जानकारी जरूर दी है।





















