वर्ल्ड चैंपियन सेबेस्टियन वेटेल ने अमेरिकी ग्रां प्री रेस जीतकर फॉर्म्युला वन में लगातार आठ रेस जीतने का नया रेकॉर्ड बनाया। जर्मनी के रेडबुल के ड्राइवर वेटेल ने माइकल शूमाकर के 2004 के सत्र में लगातार सात जीत के पिछले रेकॉर्ड को तोड़ा। लोटस के फ्रांसीसी ड्राइवर रोमैन ग्रोजियां दूसरे जबकि रेडबुल के मार्क वेबर तीसरे स्थान पर रहे। वेटेल की यह लगातार आठवीं और इस सत्र में 12वीं जीत है। उन्होंने अपने करियर की 38वीं जीत दर्ज की। अमेरिका में यह उनकी पहली जीत है और अब केवल हंगरी ही एकमात्र ऐसा स्थान है जहां वह जीत दर्ज नहीं कर पाए हैं।






















