भारत के 33वे अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का गुरुवार को राजधानी के प्रगति मैदान में उद्घाटन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने किया । इस मौके पर होने वाले कार्यक्रम की अध्यक्षता वाणिज्य व उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने की। इस दौरान दक्षिण अफ्रीका की व्यापार व उद्योग उप मंत्री एलिजाबेथ थवाते भी उपस्थित थे।
इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन ने इस मेले की सभी तैयारी पूरी कर ली हैं। इस बार मेले का थीम समावेशी विकास है। केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों और राज्यों के मंडपों में मेले की थीम पर फोकस किया जा रहा है। यहां दर्शकों को देसी व विदेशी उत्पादों को देखने और खरीदारी करने का भी मौका मिलेगा।
आम लोगों के लिए मेला 19 नवंबर से खुलेगा। मेले के पहले पांच दिन (14 से 18 नवंबर) व्यावसायिक गतिविधियों के लिए आरक्षित रहेंगे। इनके लिए प्रगति मैदान के गेट संख्या 1, 2, 7 और 10 पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां से वे टिकट व व्यापारिक कार्ड दिखाकर निशुल्क किट ले सकते हैं। व्यापारियों के लिए टिकट 400 रुपये प्रतिदिन व पूरे सत्र के लिए 1,500 रुपये का होगा।






















