सचिन तेंदुलकर के करियर के आखिरी टेस्ट मैच के लिए मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम पूरी तरह तैयार है. गुरुवार से शुरू होने वाले मैच से एक दिन पहले यहां हर ओर जश्न का माहौल है. भारत और वेस्टइंडीज की टीमों के साथ-साथ खुद सचिन भी जश्न के इस माहौल में अपने करियर के 200वें टेस्ट में कुछ खास करने के लिए कृतसंकल्प दिखाई दे रहे हैं. दो वर्ष पहले सचिन ने इसी वानखेड़े स्टेडियम में अपने युवा साथियों के साथ विश्वकप-2011 खिताब जीता था. वह क्षण टीम के साथ-साथ क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी काफी भावनात्मक था. अब वानखेड़े को शायद अपने इतिहास के सबसे भावनात्मक क्षण से रू-ब-रू होना होगा.
भारतीय किक्रेट के महान खिलाड़ी या किक्रेट के भगवान के टेस्ट मैच से संन्यास लेने पर संयुक्त राष्ट्र ने भी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून के उप प्रवक्ता फरहान हक से जब संवाददाताओं ने पूछा कि क्या यूएन महासचिव के सचिन तेंदुलकर के संन्यास पर कोई विचार हैं तो उन्होंने कहा कि हम सबको उनकी कमी खलेगी।






















