समाजवादी पार्टी महासचिव नरेश अग्रवाल उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में ट्रामा सेंटर के शिलान्यास के लिए पहुंचे थे। यहां उन्होंने मोदी के बैकग्राउंड पर ही बहुत बड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि ‘चाय की दुकान से उठने वाले व्यक्ति का नजरिया कभी राष्ट्रीय नहीं हो सकता। मोदी कहते हैं कि उन्होंने चाय की दुकान से काम की शुरुआत की थी। मैं बता दूं कि जैसे सिपाही को भले ही कप्तान बना दिया जाए,लेकिन उसकी सोच सिपाही वाली ही रहती है। इसी तरह चाय बेचने वाले की सोच भी राष्ट्रीय स्तर की नहीं हो सकती।भीड़ तो मदारी भी जुटा लेता है.’ उन्होंने कहा कि मोदी आलू और बिजली के दामों की तुलना गुजरात में प्रचलित कीमतों से करते हैं, लेकिन वह उनसे पूछना चाहते हैं कि अगर वह प्रधानमंत्री बन गये तो उनका चीन, पाकिस्तान और आतंकवाद के बारे में क्या नजरिया होगा? अग्रवाल ने कहा, ‘आप (मोदी) किसी ग्राम प्रधान या विधायक का चुनाव नहीं लड़ रहे हैं. आप प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं और आपको राष्ट्रीय मुद्दों पर बात करनी चाहिये.’ नरेश अग्रवाल इससे पहले भी मोदी समेत पूरी बीजेपी को विधुर समान बताकर विवादित हो चुके हैं।






















