अमेरिकी कांग्रेस द्वारा गठित एक आयोग के दो सदस्यों ने प्रधानमंत्री पद के लिए बीजेपी के उम्मीदवार मोदी को लेकर गहरी निराशा जाहिर की है। उन्होंने मोदी को हिंसा के जिम्मेदार लोगों को सजा देने में विफलता का ‘प्रतीक’ बताया है। अमेरिकी न्यूज चैनल सीएनएन की वेबसाइट पर लिखे ब्लॉग में कटरीना स्वेट और मैरी एन ग्लेंडन ने कहा, ‘गुजरात के एक दूसरे बेटे महात्मा गांधी ने कभी एक उदार देश और उसके बहुधार्मिक समाज का सपना देखा था।’
उन्होंने लिखा, ‘जैसे-जैसे 2014 पास आ रहा है, देखना होगा कि किसके सपने को अपनाया जाता है? कौन सा भारत रहेगा- धार्मिक स्वतंत्रता वाला या धार्मिक असहिष्णुता वाला? समय बताएगा।’ स्वेट यूएस कमिशन ऑन इंटरनैशनल रिलिजस फ्रीडम (यूएससीआईआरएफ) की उपाध्यक्ष हैं, जबकि ग्लेंडन इसकी कमिश्नर हैं।
‘टू फेसेज ऑफ इंडिया’ (भारत के दो चेहरे) शीर्षक से यह कॉलम सीएनएन के पॉप्युलर प्रोग्राम ‘ग्लोबल पब्लिक स्क्वेयर’ के ब्लॉग पर प्रकाशित किया गया है। भारतीय मूल के जाने-माने अमेरिकी पत्रकार फरीद जकारिया इस प्रोग्राम के संचालक हैं।






















