विदेश से बेहतर संकेतों के बल पर बुधवार को निवेशकों ने लगातार दूसरे दिन लिवाली जारी रखी। इसके चलते दलाल स्ट्रीट में कई दिन पहले ही दिवाली आ गई। बंबई शेयर बाजार [बीएसई] का सेंसेक्स इस दिन 104.96 अंक उछलकर अब तक के उच्चतम स्तर 21033.97 पर बंद हुआ। बीते दिन इसने 359 अंक की छलांग लगाई थी। इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज [एनएसई] का निफ्टी 30.80 अंक चढ़कर 6251.70 पर बंद हुआ। पिछले दिन रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन ने बाजार की उम्मीदों के अनुरूप रेपो दर में 0.25 फीसद बढ़ा और एमएसएफ को घटाकर सारी ब्याज दरों को लेकर सारी आशंकाएं दूर कर दीं। नतीजतन मंगलवार को जोरदार तेजी आई।





















