ऑयल कंपनियों ने गुरुवार को पेट्रोल के दाम में 1.15 रुपए कटौती और डीजल के दाम में 50 पैसे प्रति लीटर बढ़ोतरी की घोषणा की। नई कीमतें आधी रात से लागू हो जाएंगी। अब दिल्ली में वैट अजस्टमेंट के साथ पेट्रोल का भाव 1.38 रुपए घटकर 71.02 रुपए प्रति लीटर होगा जबकि मुंबई में लोकल टैक्स सहित इसकी नई कीमत 78.94 रुपए प्रति लीटर होगी। पेट्रोल के दाम में महीने भर में यह दूसरी कटौती है। इससे पहले 01 अक्टूबर को 3.05 रुपए प्रति लीटर (वैट शामिल करने के बाद 3.66 रु.) घटाए गए थे। वहीं डीजल के दाम में 50 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।





















