आम आदमी पार्टी के नेता तथा सेफोलोजिस्त योगेंद्र यादव ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि ‘आप’ ने एक सर्वे कराया है जिसमें वो 33 सीटों पर आगे है। हर सीट पर कुल 500 सैंपल लिए गए।
आम आदमी पार्टी का दावा है कि वो इस बार दिल्ली में सरकार बनाएगी
पार्टी का कहना है कि दिसंबर में होने वाले दिल्ली विधान सभा चुनाव में वो बहुमत हासिल करेगी और उसे 33 सीटें मिलेगी। जबकि कांग्रेस दूसरे और बीजेपी तीसरे नंबर पर रहेगी। पार्टी ने सिसरो एसोसिएट नाम की कंपनी के जरिए एक सर्वे कराया है। इस सर्वे के मुताबिक दिल्ली में उसकी जबर्दस्त लहर चल रही है। जबकि कांग्रेस और बीजेपी ने आप के इस सर्वे को बकवास बताते हुए खारिज कर दिया है।
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली पर दावा ठोंक दिया है। पार्टी का कहना है कि दिसंबर के विधानसभा चुनाव के बाद वो अपनी सरकार बनाएगी। आप के अपने ऑपिनियन पोल के मुताबिर वो 70 में से 33 सीटों पर आगे है। कांग्रेस को 28 सीटें मिल रही हैं जबकि बीजेपी 10 सीटों पर सिमट जाएगी। चुनाव विश्लेषक से आम आदमी पार्टी के नेता बने योगेंद्र यादव का कहना है कि अगर उनकी पार्टी का जनाधार यूं ही बढ़ता रहा, तो आसानी से उनकी सरकार बन जाएगी। 5 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच कराए सर्वे के मुताबिक दिल्ली की 32 फीसदी जनता आप को चाहती है। जबकि कांग्रेस को 28 फीसदी वोट मिलेगा। और बीजेपी को 24 फीसदी वोट। पिछले सर्वे के मुकाबले आप का वोट 5 फीसदी बढ़ा है। और इससे सबसे ज्यादा नुकसान बीजेपी को हुआ है।
जाहिर है सर्वे में पार्टी को मिली बढ़त से पार्टी के हौसले बुलंद हैं। उसका दावा है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के पक्ष में लहर चल रही है। पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल का दावा है कि पार्टी की दिल्ली में सरकार बनेगी। हालांकि कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के सर्वे को बकवास बताते हुए पूरी तरह से खारिज कर दिया है। पिछले दिनों हुए कई सारे सर्वे दिखाते हैं कि आप दिल्ली में तीसरे नंबर पर रहेगी। मगर आम आदमी पार्टी का खुद का सर्वे उन तमाम ओपनियन पोल्स को झुठलाता दिख रहा है। आप का दावा है कि चुनाव आते-आते बाकी जनता भी उनकी तरफ आकर्षित होगी।






















