नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी ने भारत के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले ली है और 45 अन्य मंत्रियों के साथ अपनी सरकार का गठन भी कर लिया है। पीएम के रूप में नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से सीधा संवाद करते हुए अपनी आधिकारिक वेबसाइट http://pmindia.nic.in की शुरुआत करते हुए उसपर पहला संदेश देश और विश्व के नागरिकों के लिए दिया।
मेरे प्यारे देशवासियों और विश्व के नागरिको,
नमस्ते!
भारत के प्रधानमंत्री की शासकीय वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत है। मैं इस वेबसाइट को आपस में सीधी बातचीत का एक अति महत्वपूर्ण माध्यम मानता हूं। मैं विश्वभर के लोगों से संपर्क बनाने के लिए तकनीकी शक्ति और सोशल मीडिया में दृढ़ विश्वास करता हूं। मुझे आशा है कि इस मंच से एक व्यक्ति के विचारों को सुनने, समझने और जानने का अवसर मिलेगा।
इस वेबसाइट के माध्यम से आप सभी नवीन सूचनाएं, मेरे भाषणों, कार्यक्रमों, विदेश दौरों के बारे में अद्यतन जानकारी और बहुत कुछ प्राप्त कर सकेंगे। मैं भारत सरकार द्वारा उठाए जा रहे नए कदमों के बारे में भी आपको अवगत कराता रहूंगा। इस वेबसाइट पर एक बार फिर आपका हार्दिक स्वागत है और आशा है कि आने वाले महीनों में अनेक मुद्दों पर आपके साथ चर्चा करूंगा।






















