वाराणसी। काशी सुमेरु पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी नरेन्द्रानन्द सरस्वती ने कहा है कि नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को बुलाना गलत और देशद्रोही कदम है। जगतगुरु शंकराचार्य ने बातचीत करते हुए कहा कि हम चाहते हैं कि हमारा पड़ोसी देशों से अच्छा सम्बंध व सद्भाव हो लेकिन पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को शपथ ग्रहण समारोह में न्योता देना गलत है । उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को बुलाना देशद्रोही कदम है ।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी जब बस लेकर पाकिस्तान गये तो कारगिल काण्ड हुआ जिसमें हमारे कई जवान शहीद हुए। डा. मनमोहन सिंह ने जब पाक से दोस्ती का हाथ बढाया तो हमारे पांच जवानों के सिर कलम हुए। उन्होंने कहा कि कल अफगानिस्तान के हेरात में भारतीय मिशन पर हमला निदंनीय है। जब जब हमने पाक से मैत्री का हाथ बढ़ाया उसने हमारी पीठ में छूरा भोंका। उन्होंने कहा कि पाक को उसी के भाषा में जवाब दिया जाना ही उचित होगा।
उन्होंने सलाह दी कि चीन एवं पाकिस्तान की सीमा पर हमें अत्याधुनिक सुविधाएं देने के साथ साथ रक्षा बजट में बढ़ोत्तरी करनी चाहिए है । उन्होंने सेना के तीनों अध्यक्षों को और अधिकार देने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी अब केवल वाराणसी से सांसद ही नहीं प्रधानमंत्री भी हैं। उन्हें वाराणसी की संस्कृति परम्परा एवं पुराने स्वरूप को बनाए रखने के लिए काम करना होगा। धर्म के अनुसार चलते हुए संविधान का पालन करने के साथ ही उन्हें सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर अयोध्या में राममंदिर का निर्माण कराना होगा।






















