मुम्बई.एस्सारपोर्ट्स अगले तीन साल में विस्तार पर 3,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी को चार बंदरगाह परियोजनाओं में सरकार से पर्यावरण एवं कानूनी मंजूरी मिल गई है। इन मंजूरियों के अभाव में ये परियोजनाएं कई साल से अटकी पड़ी थीं। कंपनी के प्रबंध निदेशक राजीव अग्रवाल ने कहा, ‘हमें कई लंबित मंजूरियां मिलनी शुरू हो गई हैं जिससे हमारी चार लंबित परियोजनाओं का जल्द क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सकेगा।
ये परियोजनाएं विशाखापत्तनम, सलाया, हजीरा और पारादीप टर्मिनल हैं। इन परियोजनाओं के विस्तार के लिए हम इस वित्त वर्ष से 3,000 करोड़ रुपये निवेश करेंगे। इन परियोजनाओं के अगले तीन साल में पूरा होने की संभावना है।’ अग्रवाल ने कहा कि एस्सार पोट्र्स विस्तार पर पहले ही 8,000 करोड़ रुपये का निवेश कर चुकी है। उन्होंने कहा कि कंपनी अकेले इस साल ही विस्तार में करीब 1,200 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इन परियोजनाओं से कार्गो हैंडलिंग क्षमता सालाना 7.7 करोड़ टन बढ़कर 18.1 करोड़ टन पहुंच जाएगी।




















