
नई दिल्ली: लोगो ने महगाई भ्रष्टाचार से त्रस्त हो कांग्रेस को बुरी तरह नाकारा, 60 वर्ष बनाम 60 महीने और अबकी बार मोदी सरकार पर विश्वास करते हुए, लोकसभा चुनाव में जनता ने देश भर में भगवा ध्वज फहराया, बीजेपी को भारी बहुमत दिया . लोकसभा की 543 सीटों के लिए जारी मतगणना में मिल रहे रुझानों में भाजपा मोदी ने लगता हे इतिहास रच दिया भारतीय जनता पार्टी को शुरू से बढ़त मिलती दिखाई दे रही थी, लेकिन अब उसके प्रत्याशी लोकसभा में स्पस्ट बहुमत के लिए आवश्यक 272 सीटों से बहूत ज़्यादा 280 पर आगे चल रहे हैं। फिलहाल मिल चुके 543 रुझानों में से 327 पर बीजेपी और उसकी सहयोगी पार्टियों के प्रत्याशी आगे चल रहे हैं, कांग्रेस 55 सीटो पर सिमटी दिखाई दे रही हे उसका सूपड़ा साफ़ हो गया बाकि उसके सहयोगियों के उम्मीदवार 15 सीटों पर, अन्ना द्रमुक 36 , तृणमूल कांग्रेस 33, तेलगुदेशम 17 , बीजू जनतादल 15, लेफ्ट 12, तेलन्गाना पार्टी 11, सपा 8, बसपा 2 , वाईएसआर कांग्रेस 6, जेडी यू 5 , पीडीपी 3 , आम आदमी पार्टी भी 3 सीटो पर बढ़त बनाए हुए हैं।
अब तक मिले पांचों परिणाम बीजेपी के पक्ष में गए हैं, जिनमें मोदी , वरुण गांधी तथा कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा शामिल हैं। उत्तर प्रदेश की बागपत सीट से राष्ट्रीय लोकदल के अजित सिंह बीजेपी के सत्यपाल सिंह से हारे हैं, और सुल्तानपुर सीट पर बीजेपी के वरुण गांधी विजेता घोषित कर दिए गए हैं। कर्नाटक की शिमोगा सीट पर बीएस येदियुरप्पा को विजेता घोषित किया गया है।
रुझानों के अनुसार, बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी वाराणसी तथा वड़ोदरा दोनों सीटों पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रहे हैं, और बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी भी गांधीनगर सीट पर आगे हैं। मैनपुरी से समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव आगे चल रहे हैं, जबकि भागलपुर से बीजेपी के शाहनवाज हुसैन बढ़त बनाए हुए हैं। चिकबलापुर में कांग्रेस के वीरप्पा मोइली आगे हैं, जबकि बिहार की सासाराम सीट पर कांग्रेस की प्रत्याशी तथा 15वीं लोकसभा की स्पीकर मीरा कुमार पीछे चल रही हैं। मथुरा सीट पर बीजेपी की हेमा मालिनी आगे चल रही हैं, जबकि फतेहपुर सीकरी में राष्ट्रीय लोकदल प्रत्याशी अमर सिंह पीछे चल रहे हैं।
गाजियाबाद से भी बीजेपी के वीके सिंह आगे चल रहे हैं, और गुड़गांव से बीजेपी के ही राव इंद्रजीत सिंह आगे हैं, जबकि रोहतक सीट पर कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्डा आगे हैं। झांसी में बीजेपी की उमा भारती आगे चल रही हैं, जबकि गुना में कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा छिंदवाड़ा में कांग्रेस के ही कमलनाथ आगे चल रहे हैं। सोलापुर से कांग्रेस के सुशील कुमार शिंदे आगे चल रहे हैं, जबकि बीड से बीजेपी के गोपीनाथ मुंडे आगे हैं। नई दिल्ली सीट से बीजेपी की मानाक्षी लेखी बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि पंजाब की संगरूर सीट पर आम आदमी पार्टी के भगवंत मान अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से आगे चल रहे हैं।
कुल मिलाकर नौ चरणों में हुए लोकसभा चुनाव 2014 की मतगणना देशभर में एक साथ आठ बजे शुरू हुई थी, और शुरुआत से ही रुझानों में बीजेपी ने बढ़त बना ली है। चुनाव आयोग के आकलन के अनुसार, आखिरी परिणाम शाम चार बजे तक मिल जाने की संभावना है।
केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने कहा कि देशभर में 989 केंद्रों पर मतगणना शाम चार बजे तक पूरी हो जाने की संभावना है। वैसे, कहा जा रहा है कि दोपहर तक 16वीं लोकसभा में अहम भूमिका निभाने वाले दलों के बारे में तस्वीर साफ हो सकती है।
मतगणना की पूर्वसंध्या पर गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त वीएस संपत ने कहा था कि देशभर में निर्वाचन अधिकारियों द्वारा अच्छी तरह तैयार की गई मतदाता सूचियों के परिणामस्वरूप अच्छा मतदान हुआ। उन्होंने कहा, ‘इस बात को सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए गए कि मतदान की पात्रता रखने वालों के नाम मतदाता सूची में शामिल हों।’ उल्लेखनीय है कि नए मतदाताओं को शामिल करने की कवायद 7 अप्रैल को पहले चरण के मतदान से कुछ दिन पहले ही की गई थी।
भारत के इतिहास में सबसे लंबे चले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जैसे दिग्गजों समेत 8,251 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनकी तकदीर का फैसला ईवीएम मशीनें आज कर देंगी। राष्ट्रीय दलों कांग्रेस, भाजपा, बसपा, भाकपा, माकपा और राकांपा ने कुल 1,591 उम्मीदवार खड़े किए थे। 47 प्रादेशिक पार्टियों ने 529 उम्मीदवार मैदान में उतारे थे। वहीं 1,600 से अधिक अन्य पंजीकृत, लेकिन गैर-मान्यताप्राप्त राजनीतिक दलों ने 2,897 प्रत्याशियों पर भरोसा जताया था। इनके अलावा 3,234 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में थे।
आयोग ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी मतगणना मेजों पर माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए हैं। निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि मतगणना के हर राउंड और हर मेज का प्रिंटआउट उम्मीदवारों के एजेंटों को प्रदान करें।
मतगणना शुरू होने पर सबसे पहले डाक मतपत्र गिने जाएंगे, और चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार आधे घंटे बाद सात लाख से अधिक ईवीएम मशीनों से मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। ‘बैलट यूनिट’ को वरिष्ठ निर्वाचन अधिकारियों तथा उम्मीदवारों के मतगणना एजेंटों की उपस्थिति में खोला जाएगा।
वैसे, परिणामों से पहले अधिकतर एग्जिट पोल में भाजपा के सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर आने की संभावना जताई गई है। उल्लेखनीय है कि यह पहला लोकसभा चुनाव है, जिसमें ‘नोटा’ (इनमें से कोई नहीं) का विकल्प भी मतदाताओं को प्रदान किया गया। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में अब तक का सर्वाधिक मतदान हुआ और देश में करीब 81.4 करोड़ मतदाताओं में से 66.38 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।





















