हैदराबाद. एग्जिट पोल भले ही भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को स्पष्ट जनादेश दे रहे हों, लेकिन टीआरएस ने आज कहा कि पार्टी अभी भी कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार का ही समर्थन करने को प्राथमिकता देगी। टीआरएस के प्रमुख के चंद्रशेखर राव की बेटी और पार्टी की नेता के कविता ने भी कहा कि पार्टी द्वारा राजग सरकार को समर्थन देने की कोई संभावना नहीं है, क्योंकि उसका मानना है कि केंद्र में धर्मनिरपेक्ष सरकार बननी चाहिए।
निजामाबाद लोकसभा क्षेत्र से पार्टी की उम्मीदवार कविता ने कहा कि हमारा मानना है कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में एक लोकतांत्रिक सरकार होनी चाहिए। तो यदि संप्रग को मौका मिलता है तो हम संप्रग का समर्थन करेंगे या फिर यदि तीसरे मोर्चे को मौका मिलता है तो हम उसका समर्थन करेंगे. मतगणना से ठीक एक दिन पहले उन्होंने कहा कि टीआरएस ने यह हमेशा कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रयासों से ही तेलंगाना के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो सका।





















