मंथन.भारत में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान पूरा होने पर अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने बधाई दी है. उन्होंने भारत की आने वाली सरकार के साथ मिलकर काम करने का वादा किया है.उन्होंने कहा, ”भारत ने इतिहास में सबसे बड़ा लोकतांत्रिक चुनाव करवा कर दुनिया के सामने एक उदाहरण पेश किया है. यह स्वतंत्रता और विविधता के हमारे साझा मूल्यों का प्रदर्शन है.”
उन्होंने अपने बयान में कहा है, ”चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद हम नई सरकार के गठन का इंतज़ार कर रहे हैं. आने वाले सालों को समान रूप से परिवर्तनकारी बनाने के लिए हम भारत की नई सरकार के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं.”
कुल 36 दिनों और नौ चरणों में हुए लोकसभा चुनाव के लिए मतदान सोमवार को ख़त्म हुए. चुनाव आयोग के शुरुआती आकलन के अनुसार इस दौरान 66.38 फ़ीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
लोकतंत्र का इतिहास
“इतिहास में लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा चुनाव कराकर भारत ने दुनिया के लिए एक उदाहरण पेश किया है, यह स्वतंत्रता और विविधता के हमारे साझा मूल्यों का प्रदर्शन है”बराक ओबामा, राष्ट्रपति, अमरीका
आम चुनाव में मुख्य मुक़ाबला कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल भाजपा के बीच है. मतों की गणना 16 मई को होगी और उसी दिन अंतिम परिणाम आएंगे.लोकसभा चुनाव की शुरुआत सात अप्रैल को हुई थी. 12 मई को चुनाव का आख़िर चरण संपन्न हुआ . तक़रीबन 81.4 करोड़ पंजीकृत मतदाताओं के साथ यह दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव रहा.चुनाव अभियानों व एक्जिट पोल में भाजपा का दबदबा रहा. लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों ने चेताया है कि अतीत में एक्ज़िट पोल ग़लत साबित हुए हैं.




















