रुड़की। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को मुगालता हो गया है कि वो सिंहासन पर बैठ चुके हैं। जबकि फैसला तो अब तक हुआ ही नहीं है और यह फैसला तो जनता को करना है।
रुड़की के लिथोप्रेस ग्राउंड में चुनावी सभा में अपने आक्रामक भाषण में सोनिया ने मोदी पर जमकर प्रहार किये । उन्होंने कहा कि देश में अब तक कई चुनाव हुए हैं, लेकिन इस बार यह देख कर दुख होता है कि भाजपा के कुछ नेता पतन की सभी सीमाओ से भी नीचे गिर गए हैं। मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वो कहते है कि मुझे मां गंगा ने चुनाव लड़ने को बुलाया है। हर हर गंगे के बजाय खुद के नारे लगवा रहे हैं।
देश की कांग्रेसनीत यूपीए सरकार के 10 फैसले को जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हर वर्ग के विकास के लिए काम किया।
मोदी को मुगालता होने का कटाक्ष करते हुए कहा कि सत्ता का बुखार उनके मन पर इतना चढ़ गया है कि कुछ और सूझ ही नहीं रहा। सामने बैठे लोगों से सीधा संवाद करते हुए सोनिया ने कहा कि भाजपाई यह भूल गए कि अब तक फैसला तो आपके हाथ में ही है।
सोनिया ने हरिद्वार प्रत्याशी रेणुका रावत, टिहरी प्रत्याशी साकेत बहुगुणा समेत सभी प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।
और क्या बोलीं सोनिया गाँधी
1-भ्रष्टाचार पर चुनौती:
भाजपा भ्रष्टाचार का आरोप लगाती है पर भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे कठोर कदम हमने उठाए। मैं भाजपा को चुनौती देती हूं कि वो बताए कि क्या उसने भी ऐसा किया? गुजरात में लोकायुक्त इसीलिए नहीं बन पाया, जिससे इनके कारनामे छिपे रहें।
2-मोदी को नसीहत:
मोदी भ्रष्टाचार पर दूसरो की ओर अंगुली उठाते हैं तो वो खुद भी ख्याल रखे कि उनकी बाकी की अंगुलियां किसी तरफ इशारा कर रही हैं। दूसरों को कुछ भी कहने से पहले मोदी अपने अंदर भी झांक कर देखें।
3-राज्य भाजपा पर सवाल:
प्रदेश दूसरे दल की सरकार होने के बावजूद केंद्र ने हजारों करोड़ रुपये विकास के लिए दिए। कुंभ मेला हो या फिर अन्य कार्य, केंद्र ने हर वक्त मदद की। पर, यह सारा पैसा विकास पर लगने के बजाय चंद लोगों की जेब में चला गया।
4-सुनहरे वादे
अभी हमें और भी काम करने हैं। स्वास्थ्य और घर का अधिकार, महिलाओं सशक्तिकरण, युवाओं के उज्जवल भविष्य की योजनाएं, दलित, अल्पसंख्यकों के उत्थान को प्रभावी ढंग से आगे ले जाना है।
यह आपको तय करना है कि आपको कौन सा रास्ता चुनना है। मुङो उम्मीद है आप सही रास्ता ही चुनेंगे और वो एक ही रास्ता कांग्रेस होगी। मतदान के दिन एक-एक वोट देकर कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाएं।






















